लोहरदगा। बैठक में सर्वप्रथम दिनांक 16.11.2021 से जिले में आयोजित हो रहे आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में आये आवेदन व उसके निष्पादन पर चर्चा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि अब तक कुल 19,691 आवेदन आमजनों द्वारा दिये गये जिसमें 12193 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। अन्य लंबित आवेदनों को भी निष्पादित करने का निर्देश उपायुक्त ने सभी बीडीओ को दिया। उपायुक्त ने कहा कि आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में किसी भी समस्या से संबंधित आवेदन को लिया जाय और उसका निष्पादन किया जाय। पेयजल, सड़क आदि की योजनाएं ग्राम सभा से पारित करा ली जायें। सभी प्रखण्ड कार्यालयों में दिव्यांगता प्रमाण पत्र से संबंधित कैंप अवश्य लगाया जाय। प्रत्येक अंचल में हाल सर्वे में भूमि संबंधी गड़बड़ी के आवेदन अधिक से अधिक संख्या में लिये जायें। मनरेगा अंतर्गत जो भी काम मांग रहे हैं उन्हें मनरेगा अंतर्गत सात दिनों के भीतर काम उपलब्ध कराया जाय। कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लोहरदगा को निदेश दिया गया कि जितने आवेदन चापाकल खराब से संबंधित आये हैं उन सभी की मरम्मती करा ली जाय। नगर पर्षद क्षेत्र में भी आवेदन आये हैं उन्हें भी ठीक कराया जाय। मुख्यमंत्री पशुधन योजना में लक्ष्य के अनुरूप अब तक लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ जिसे पूरा करें। 50 प्रतिशत अनुदान पर पशुधन विकास की योजना के विरूद्ध लक्ष्य पूर्ण करें। कल्याण विभाग की ओर से संचालित पशुधन वितरण योजना का लक्ष्य पूर्ण करने का निदेश जिला कल्याण पदाधिकारी को दिया गया। समाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक को निदेश दिया गया कि आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा कंबल की मांग हर कार्यक्रम में अधिक संख्या में की जा रही है, इसके लिए अतिरिक्त कंबल की मांग विभाग से करें। जिला कृषि पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि जिन किसानों ने भी केसीसी ऋण लिया है उन्हें मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना का लाभ अवश्य दें। इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त करें। जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिन गरीब परिवार को खाद्यान्न के लिए राशन कार्ड की आवश्यकता है उन्हें राशन कार्ड के लिए आवेदन अवश्य प्राप्त करें। साथ ही जिनका नाम राशन कार्ड में अब तक नहीं जोड़ा जा सका वैसे सदस्यों का भी नाम उस कार्ड में जुड़वायें। सभी कार्यक्रम में ई-श्रम पोर्टल पर श्रम कार्ड के लिए असंगठित कामगारों का निबंधन अवश्य करायें। उपायुक्त द्वारा बैठक में मनरेगा अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें मानवदिवस सृजन, टीबीबी, दीदीबाड़ी, आंगनबाड़ी, फील्ड बंड, कुआं आदि शामिल थीं। उपायुक्त द्वारा सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप सुधार लाने के निदेश दिये। साथ ही जो रोजगारसेवक, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव लगातार काम नहीं कर रहें, कार्य में सुधार नहीं है, वैसे लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई हेतु प्रस्ताव देने का निदेश उप विकास आयुक्त को दिया गया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की गई और जिन प्रखण्डों में आवास की संख्या लक्ष्य के अनुरूप कम पूर्ण हुई है उसमें सुधार लाने के निदेश दिये गये। आज की बैठक में उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा, अनुमण्डल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रवीण केरकेट्टा, नगर पर्षद कार्यपालक अभियंता देवेंद्र कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनुराधा कुमारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी अनुप कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी नारायण राम, जिला कृषि पदाधिकारी शिव कुमार राम, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा योजना के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के जिला समन्वयक केके गुप्ता, मनरेगा परियोजना पदाधिकारी सुधीर मुर्मू समेत अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse