रांची विश्वविद्यालय स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

 

कुलपति ने क्रिकेट प्रतियोगिता का किया उद्घाटन

पांच दिन चलेगी कॉलेज स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता, विवि स्तर पर चुने जायेंगे खिलाड़ी

उदघाटन मैच में बीएस कॉलेज और डोरंडा कॉलेज रहे विजयी

टीम एबीएन, लोहरदगा। बीएस कालेज में मंगलवार को रांची विश्विद्यालय कॉलेज स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का  शुभारंभ हुआ। पांच दिनों तक चलने वाले इस प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन विशवविद्यालय के कुलपति डॉ अजित कुमार सिन्हा ने ध्वजारोहण कर किया। 

मैच से पूर्व उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे झारखंड राज्य और खास कर रांची विश्विद्यालय के छात्र खेल प्रतिभा के स्वाभाविक रूप से धनी हैं। उन्होंने कहा कि रांची विवि प्रशासन खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर प्रकार से कृतसंकल्प है। 

प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बीएस कॉलेज लोहरदगा और योगदा सत्संग कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें टॉस जीत कर योगदा कॉलेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 77 रन बनाये। जवाबी पारी खेलने उतरी बीएस कॉलेज की टीम ने 10.5 ओवर में ही 78 रन बनाकर मैच जीत लिया। 

बीएस कॉलेज लोहरदगा के गेंदबाज सुमित ने 5 विकेट लिये। उन्हें मैन आफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता का दूसरा मैच संजय गांधी मेमोरियल कॉलेज रांची और डोरंडा कॉलेज रांची के बीच खेला गया, जिसमें टॉस जीत कर बल्लेबाजी करते हुए संजय गांधी मेमोरियल कॉलेज ने 128 रन बनाये। 

जवाबी पारी में डोरंडा कॉलेज ने 17.4 ओवर में ही 4 विकेट खोकर 129 रन बना कर मैच जीत लिया। डोरंडा कॉलेज के खिलाड़ी आशीष होरो को उनके आलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच का खिताब प्रदान किया गया। 

बताते चलें कि रांची विश्विद्यालय कॉलेज स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन आगामी पांच दिनों तक बीएस कॉलेज स्टेडियम में होना है। 22 दिसंबर को इस प्रतियोगता का फाइनल मैच खेला जायेगा। इन मैचों के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को रांची विवि की टीम के लिए चयनित किया जायेगा। 

मौके पर बी एस कॉलेज के प्राचार्य डॉ एसकेपी गुप्ता, वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ नईम खान, डॉ नीता सहाय, डॉ शशि कुमार गुप्ता, खेल प्रभारी वसुदेव हस्सा और आनंद मांझी समेत बी एस कॉलेज के समस्त शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी शामिल थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse