टीम एबीएन, रांची। अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को होने वाले श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए जन-जन को आमंत्रण देने हेतु रांची पहुंचे अक्षत कलश की आज श्री राम जानकी मंदिर तपोवन मंदिर में मंदिर के पूज्य महंत श्री ओम प्रकाश शरण जी द्वारा विधिवत पूजा अर्चना कर रांची महानगर के 16 नगरों में वितरित किया गया।
सभी 16 नगरों के लिए पीतल के कलशो में पूजित पीला अक्षत भरकर नगर संयोजक एवं सहसंयोजक को सौंपा गया जिसे श्रद्धा पूर्वक अपने माथे पर रखकर जय श्री राम के उद्घोष के साथ अपने-अपने नगरों में ले गये जिसे दर्शन पूजन के लिए नगर के मंदिरों में रखा जायेगा।
1 जनवरी से 15 जनवरी के बीच महानगर के सभी सनातनी परिवार के घर निमंत्रण के रूप में पूजित अक्षत, आमंत्रण पत्र एवं श्री राम मंदिर का चित्र कार्यकर्ताओं द्वारा पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर तपोवन श्री राम जानकी मंदिर में मुख्य रूप से उपस्थित विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख मिथिलेश्वर मिश्र ने कहा पूरे विश्व के हिंदुओं एवं भारतवर्ष के लिए यह एक अभूतपूर्व आनंद का क्षण होगा जब प्रभु श्री राम अपने दिव्य, भव्य और नव्य मंदिर में विराजित होंगे।
श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी 2024 को अयोध्या जी के साथ-साथ रांची महानगर के भी सभी मठ मंदिरों को सजाया जाएगा तथा भजन- कीर्तन एवं अनुष्ठान किये जायेंगे। प्रसाद बटेंगे तथा कई मंदिरों में भंडारा भी होगा। समस्त हिंदू समाज अपने आसपास के मंदिरों में एकत्र होकर सामूहिक पूजन एवं आरती में भाग लेंगे। संध्या काल में सभी अपने-अपने घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनायेंगे।
अक्षत कलश वितरण कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद रांची महानगर के अध्यक्ष श्री कैलाश केसरी, कार्यक्रम के महानगर संयोजक श्री चंद्रदीप दुबे ,सहसंयोजक श्री अंकित सिंह, प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख श्री प्रकाश रंजन, प्रांत धर्मप्रसार परियोजना प्रमुख श्रीमती रेणु अग्रवाल, विभाग मंत्री श्री कृष्ण कुमार झा, विभाग धर्माचार्य संपर्क प्रमुख श्री सुरेंद्र तिवारी ,विभाग सेवा प्रमुख श्री रविशंकर राय, विभाग प्रचार प्रसार प्रमुख अमर प्रसाद, रांची महानगर सह मंत्री श्री विश्वरंजन, पारसनाथ मिश्र, मुकेश गिरी सहित सभी नगरों के संयोजक, सहसंयोजक सहित संघ, विहिप एवं अन्य सम वैचारिक संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित थे। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद के प्रांत प्रचार प्रसार सह प्रमुख प्रकाश रंजन (93344 33338) ने एक परर्स विज्ञप्ति जारी कर दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse