टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि राजभवन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ खनन पट्टे की अवधि बढ़ाने को लेकर लाभ के पद मामले में निर्वाचन आयोग की सिफारिश पर विचार कर रहा है।
राज्यपाल ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने गलत काम किया है और दोषी पाये गये हैं, उन्हें परिणाम भुगतना होगा। निर्वाचन आयोग ने पिछले साल अगस्त में उस याचिका पर राजभवन को अपनी राय भेजी थी, जिसमें मांग की गयी थी कि सोरेन को खुद के लिए खनन पट्टा की अवधि बढ़ाने और चुनावी मानदंडों का उल्लंघन करने के लिए विधानसभा सदस्य के तौर पर अयोग्य घोषित किया जाये।
राजभवन में एक कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन आयोग की सिफारिश को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में राधाकृष्णन ने कहा- कुछ कठिनाइयां हैं। हमें उन्हें जांचना-परखना है और हम करेंगे।
वहीं सीपी राधाकृष्णन ने यह भी कहा कि मैंने बार-बार कहा है कि जिन्होंने कुछ भी गलत किया है और दोषी पाये गये हैं, उन्हें परिणाम भुगतना होगा। हम सार्वजनिक जीवन को स्वच्छ बनाये जाने की उम्मीद कर रहे हैं।
कांग्रेस सांसद धीरज साहू से जुड़े परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान नकदी जब्त होने के सवाल पर राज्यपाल ने कहा, जब ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और आईटी (आयकर विभाग) कोई कार्रवाई करता है, तो वह किसी विशेष पार्टी या पार्टी पदाधिकारी के खिलाफ नहीं होती है।
उन्होंने बताया कि एजेंसियां कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ करती हैं, जो भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी हैं। झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़ी शराब बनाने वाली ओडिशा की एक कंपनी के विभिन्न परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी लगातार छठे दिन सोमवार को भी जारी रही।
अब तक कुल 353 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद की गयी है। देशभर में किसी जांच एजेंसी द्वारा महज एक कार्रवाई के तहत बरामद की गयी यह अब तक कि सर्वाधिक धनराशि है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse