विहिप ने किया समय निकाल कर राम मंदिर आने की अपील

 

  • श्रीराम जन्मभूमि के नूतन  मंदिर का चित्र एवं राम भक्तों से निवेदन व मंदिर का विवरण पत्रक का हुआ लोकार्पण

टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद झारखंड प्रांत कार्यालय शक्ति आश्रम हरमू रोड रांची परिसर में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने समस्त सनातनियों के घर-घर में दी जाने वाली श्रीराम जन्मभूमि नूतन मंदिर का चित्र एवं विश्व के रामभक्तों से निवेदन व श्रीराम जन्मभूमि मंदिर विवरण पत्रक का लोकार्पण किया।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने कहा है कि आगामी पौष शुक्ल द्वादशी, विक्रम संवत 2080, सोमवार तदनुसार दिनांक 22 जनवरी 2024 के शुभ दिन प्रभु श्रीराम के बाल रूप नूतन विग्रह को, श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे नवीन मंदिर भूतल के गर्भगृह में विराजित करके प्राण प्रतिष्ठा की जायेगी। मौके पर अयोध्या में अभूतपूर्व आनंद का वातावरण होगा। 

इस पुण्य काल के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने निवेदन किया है कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन पूर्वाह्न 11 से अपराह्न 1 के मध्य समस्त सनातनी समाज अपने ग्राम, मोहल्ले, कॉलोनी में स्थित किसी मंदिर में आस-पड़ोस के रामभक्त एकत्रित होकर भजन-कीर्तन करें, टेलीविजन अथवा कोई पर्दा, एलईडी स्क्रीन लगाकर अयोध्या का प्राण प्रतिष्ठा समारोह समाज के सभी रामभक्त देखें।

शंखध्वनि, घंटानाद, महाआरती करें, महाप्रसाद वितरण करें। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र आग्रह किया है कि कार्यक्रम का स्वरूप मंदिर केंद्रित रहे। अपने मंदिर में स्थित देवी - देवता का भजन-कीर्तन, आरती, पूजा तथा श्री राम जय राम जय जय राम... विजय महामंत्र का 108 बार सामूहिक जाप करें। इसके साथ हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, रामरक्षा स्त्रोत आदि का सामूहिक पाठ करें। 

सभी देवी-देवता प्रसन्न होंगे, वातावरण सर्वत्र सात्विक एवं राममय हो जायेगा। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दिन सायंकाल सूर्यास्त के बाद अपने घर के सामने देवताओं की प्रसन्नता के लिए दीपक जलाएं, दीपमलिका सजायें, विश्व के करोड़ों घरों में दीपोत्सव मनाया जाये। 

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने यह भी निवेदन किया है कि प्राण प्रतिष्ठा दिन के उपरांत प्रभु श्रीराम लला तथा नवनिर्मित मंदिर का दर्शन हेतु अपने अनुकूल समय अनुसार अयोध्या जी में परिवार सहित अवश्य पधारे तथा श्रीराम जी की कृपा-आशीष प्राप्त करें। 

अयोध्या जी का पावन भूमि में पर्यावरण ठीक रहे इस निमित्त राम भक्तों से आग्रह किया गया है कि रामलला दर्शन के निमित्त अयोध्या जी पर किसी भी प्रकार का पॉलिथीन का उपयोग न करें। दूसरे पृष्ठ के माध्यम से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का विवरण प्रस्तुत की गयी है।

लोकार्पण कार्यक्रम में विहिप के क्षेत्र मंत्री वीरेंद्र विमल, प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव व सुभाष नेत्रगवांकर, प्रांत मंत्री डॉ बीरेंद्र साहू, प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रांत सहमंत्री मनोज पोद्दार व रंगनाथ महतो, मार्गदर्शक मंडल के प्रांत संयोजक स्वामी कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी, बजरंग दल प्रांत संयोजक दीपक ठाकुर, सामाजिक समरसता प्रांत प्रमुख मिथिलेश्वर मिश्र, रेनू अग्रवाल, अरविंद सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। उक्त जानकारी विहिप, झारखंड के  प्रचार प्रसार, प्रांत प्रमुख प्रकाश रंजन (9334433338) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse