टीम एबीएन, रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर रांची में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। मोदी ने ओल्ड सेंट्रल जेल में स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान-सह-स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय में बिरसा मुंडा की 25 फुट ऊंची प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुंडा ने 9 जून, 1900 को यहीं पर अंतिम सांस ली थी। बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनायी जाती है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि...।
देशभर के मेरे परिवारजनों को इस विशेष अवसर से जुड़े जनजातीय गौरव दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। संग्रहालय के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी मौजूद थे।
उन्होंने संग्रहालय में देखा कि किस तरह आदिवासियों ने अपनी वीरता और बलिदान के अलावा अपने जंगलों, भूमि अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
बिरसा मुंडा के साथ, संग्रहालय में बुधु भगत, सिद्धू कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, दिवा-किसुन, तेलंगा खड़िया, गया मुंडा, जातरा भगत, पोटो एच, भागीरथ मांझी और गंगा नारायण सिंह जैसे आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी प्रदर्शित किया गया है। स्मृति उद्यान निकटवर्ती 25 एकड़ भूमि पर विकसित किया गया है और इसमें एक संगीतमय फव्वारा, बच्चों का पार्क, उद्यान और अन्य मनोरंजन सुविधाएं हैं।
बता दें कि प्रधानमंत्री दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। बाद में वह खूंटी जिले में बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु गांव का दौरा करेंगे। उलिहातु में वह विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के कल्याण के उद्देश्य से 24,000 करोड़ रुपए की परियोजना की शुरुआत करेंगे।
मोदी विकसित भारत संकल्प यात्रा की भी शुरूआत करेंगे। वह पीएम-किसान योजना के तहत 18,000 करोड़ रुपए की 15वीं किस्त जारी करेंगे और राज्य में 7,200 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse