एबीएन सेंट्रल डेस्क। भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी 2 नवंबर से छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार में जुट गये हैं। मरांडी ने आज कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी विष्णुदेव साय के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता विकास विरोधी है। कांग्रेस को जनता की सेवा, गांव, गरीब, किसान की सेवा से कोई मतलब नहीं। कांग्रेस पार्टी आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों के नाम पर वोट लेना जानती है। उन्होंने कहा कि देश में लगभग 60 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी ने सत्ता संभाली, लेकिन अलग छत्तीसगढ़ राज्य यह अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार ने ही दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव में हम केवल प्रत्याशी को वोट देकर अपना विधायक ही नहीं चुनते बल्कि अपना भविष्य भी निर्धारित करते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे हम अपने दैनिक जीवन में उपयोग की वस्तु चाहे कपड़ा हो या अनाज हो या सब्जी ही क्यों नहीं पूरा जांच परख कर लेते हैं फिर अपना जन प्रतिनिधि हम सब क्यों ऐसे ही चुने। हमें उसकी भी जांच करनी चाहिए। कौन जनप्रतिनिधि राज्य का, देश का और अपने क्षेत्र का समुचित विकास कर सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों का रिकॉर्ड विकास और केवल विकास है। इसलिए भाजपा प्रत्याशी को जीतकर छत्तीसगढ़ में भाजपा की मजबूत सरकार बनायें। मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार की लोक कल्याणकारी, गांव, गरीब, किसान को समर्पित योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए भाजपा की सरकार प्रदेश में भी जरूरी है। भाजपा तुष्टिकरण में नहीं बल्कि सबका साथ सबका विकास में विश्वास करती है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse