टीम एबीएन, रांची। लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकार और पत्रकारिता को निष्पक्ष भूमिका निभानी चाहिए। पत्रकारिता समाज और राष्ट्र का दर्पण है दर्पण सदैव सही छवि प्रस्तुत करता है। यह स्मरण में रखने की जरूरत है।
वर्तमान समय में पत्रकारिता प्रतिपक्ष के लोगों के प्रति समुचित न्याय नहीं कर पा रहा है। सांसद से लेकर सड़क तक प्रतिपक्ष और विपक्ष की आवाजों को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में जो स्थान मिलना चाहिए, वह नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए पत्रकारों को चिंतन- मंथन करने की जरूरत है। उक्त बातें झारखंड से राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कही। वह 29 अक्टूबर को झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा में स्थित पुराना विधानसभा परिसर के विधायक क्लब भवन में झारखंड स्टेट जर्नलिस्ट यूनियन के तत्वावधान में नेशनल जर्नलिस्ट यूनियन (इंडिया) के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष में आयोजित बैठक सह विचार गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
सांसद श्री साहू ने कहा की झारखंड के पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में समाचार संकलन और ऑपरेशन का काम कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें कई चुनौतियां मिली है। कई लोगों को जान गंवाना पड़ा है। निश्चित रूप से झारखंड के पत्रकार निष्पक्ष और निर्भीक हैं। यही वजह है कि झारखंड के ग्रामीण अंचलों में पत्रकारिता की आत्मा आज भी निवास करती है। अपराध के अलावा पत्रकारों को खेल, कला- संस्कृति और खेती-किसानी पर्यावरण को भी समुचित स्थान देनी चाहिए।
आजादी की लड़ाई के दौरान पत्रकारिता जनता के बीच स्वच्छ और निष्पक्ष आईना दिखाने का काम कर रहा था। पत्रकार भी निर्भिक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। पत्रकारों को समाज और राष्ट्र के लिए ईमानदारी से सही दिशा और दशा प्रस्तुत करनी चाहिए। भारत के लोगों को कुछ समय से सही जानकारी से वंचित रखने का कुत्सित प्रयास हो रहा है। हम चाहते हैं, कि पत्रकार समाज के लोगों को समाज के आईने में सही छवि दिखायें। प्रजातंत्र में पत्रकारिता की भूमिका सदैव अग्रणी रही है। पत्रकार सम्मान के अधिकारी हैं। उन्हें यह स्थान समाज देता भी है।
सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि पत्रकारों की स्थिति और परिस्थिति के मद्देनजर वह व्यक्तिगत रूप से राज्य के सरकार के मुखिया को अवगत करायें। यही नहीं पत्रकारों की मांगों को लेकर उनके साथ वह मुख्यमंत्री से भी मिलेंगे, जो भी उनकी जायज मांगें होगी। उसे पूरा करने का काम किया जायेगा। दूसरे राज्यों में जो सुविधा पत्रकारों को मिल रही है, वह झारखंड के भी पत्रकारों को मिलनी चाहिए।
एनयूजे (आई) के वरीय उपाध्यक्ष-सह- बिहार, झारखंड और उड़ीसा के प्रभारी दीपक मुखर्जी ने इस मौके पर कहा कि हमारा फेडरेशन निश्चित रूप से पत्रकार और राष्ट्रहित के लिए समर्पित संगठन है। 2015 से 17 तक कुछ विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संगठन आज देश में सबसे बड़ा 21 राज्यों में फैला हुआ है। इसके 25000 से अधिक सदस्य हैं। वर्तमान में चंडीगढ़ के अशोक मलिक और भोपाल के सुरेश शर्मा क्रमशः इसके अध्यक्ष और महासचिव हैं। कश्मीर से असम तक हिमाचल से राजस्थान तक संगठन का विस्तार है। संगठन ने 50 सालों का शानदार सफर तय किया है।
झारखंड स्टेट जर्नलिस्ट यूनियन जेएसजेयू के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बलदेव प्रसाद शर्मा ने इस मौके पर कहा की यूनियन राज्य में पत्रकारों को सहयोग देने की अग्रणी संगठन बन गयी है। कई पत्रकारों को आर्थिक और सामाजिक सहयोग करने के साथ उनके हर परिस्थिति में संगठन सदैव खड़ा रहता है। इस मौके पर उन्होंने पांच सूत्री प्रस्ताव भी पारित किया।
जेएसजेयू के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एसके मिश्रा ने इस मौके पर कहा की यह संगठन निश्चित रूप से समाज और राष्ट्र के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पत्रकारों की संरक्षा और सुरक्षा के लिए काम करती है। यह पत्रकारों के बीच चर्चा का विषय भी है। यही वजह है, कि संगठन में अच्छे और समर्पित लोग जुड़े हुए हैं और जुड़ रहे हैं।
संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष ग्रीन रिवॉल्ट के संपादक मनोज शर्मा ने कहा कि हमें गर्व है कि जेएसजेयू संगठन में अच्छे, निष्पक्ष, निर्भीक और बेदाग पत्रकार हैं। यह हमें और संगठन से जुड़े लोगों को गौरवान्वित करता है।
संगठन के प्रदेश कार्यकारी महासचिव राजीव कुकरेजा ने कहा कि संगठन का गौरवशाली इतिहास रहा है। निश्चित रूप से इस संगठन से जुड़े पत्रकार अपने दायित्व का ही नहीं कर्तव्यों का भी ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करते हैं।
साइंस मैगजीन बायोवीरा के संपादक डॉ प्रसेनजीत मुखर्जी ने इस मौके पर कहा, कि हमें गर्व है कि संगठन ने हमें आमंत्रित किया। पत्रकारिता न केवल पीड़ितों और गरीबों को न्याय दिलाने बल्कि समाज और राष्ट्र के साथ खड़े होने का सशक्त माध्यम है। विकास और जनजागरण का मजबूत हथियार भी है। विज्ञान के क्षेत्र में विकास और राज्य की वैज्ञानिक सोच को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
कार्यक्रम को वरीय पत्रकार हरिओम सुधांशु समेत कई लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से अवनी कुमार, संजय सिन्हा, सीताराम, इमरान, ओमप्रकाश साहू, शैलेश कुमार, अंगद प्रसाद गुप्ता, देवकुमार सिंह, अरविंद पाठक, आनंद सोनी, रवि सिन्हा, सतीश सिंह, बीके सिंह, मुनेश्वर साहु, सीताराम साहू, यूके सिंह आदि मौजूद थे। इस मौके पर अतिथियों और पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse