टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य संजीत कुमार मिश्र, एसएच राजश्री मिश्रा तथा सभी अध्यापकों के साथ मिलकर विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय तथा आसपास की सफाई की।
जुलूस निकालकर विद्यार्थियों ने पुंदाग के साहू चौक पर सफाई के लिए श्रमदान किया। इस दौरान उनकी सुरक्षा के लिए दस्ताने, मास्क, टोपी, जैकेट, जूते आदि उपलब्ध करवाए गये थे। उनके हाथों में झाड़ू तथा छोटे-छोटे कूड़ेदान थे।
वे लोगों को अपने आसपास सफाई रखने तथा कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में ही फेंकने की सलाह दे रहे थे। बच्चे जुलूस निकालकर प्लेकार्ड और बैनर्स के माध्यम से लोगों में सफाई के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे थे।
इतना ही नहीं, उनके साथ नुक्कड़ नाटक की एक टोली भी निकली थी, जिसमें सप्तम कक्षा के विद्यार्थी शामिल थे। उन्होंने घूम-घूम कर रांची के विभिन्न जगहों पर लोगों को इकट्ठा करके सबका खूब मनोरंजन किया तथा स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही सम्मिलित प्रयास से स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत बनाने में अपना योगदान देने का आग्रह भी किया। उन्होंने जनता की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों का सामूहिक प्रयास था, जिसमें उन्होंने स्वच्छता ही सेवा का प्रारूप बनाया, जिसे देखकर सभी मंत्रमुग्ध रह गये। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां से सेल्फी लेते हुए चेहरों पर खुशी झलकती दिखाई दी।
प्राचार्य संजीत कुमार मिश्र ने अपने संदेश में कहा कि बापू अस्वच्छता को देश का सबसे बड़ा शत्रु समझते थे, जो आज भी हमें हर प्रकार से हानि पहुंचाने के लिए डटकर खड़ा है।
हम सबको मिलकर इसका मुकाबला करना है। यह कोई एक दिन का काम नहीं है। हमें हर दिन अपने घर के साथ-साथ अगल बगल भी थोड़ी-बहुत सफाई करनी चाहिए। सभी ऐसा करेंगे तो पूरा देश खुद ही साफ हो जायेगा।
कचड़ा फेंकने के लिए आवश्यकतानुसार हरे और नीले कूड़ेदान का प्रयोग करना चाहिए ताकि कचड़ों को सही तरीके से हटाया भी जा सके। आजकल तो सड़क बनाने में भी कूड़े-कचड़े का इस्तेमाल किया जाने लगा है।
हम अपनी सामर्थ्य के अनुसार अपने परिवेश को अवश्य ही साफ रखें, क्योंकि यह हम सबकी सेहत के लिए जरूरी है और हमारी जिम्मेदारी भी है। पूरा कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य संजीत कुमार मिश्र के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के लगभग पंद्रह सौ बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse