टीम एबीएन, रांची। एचईसी के दो कर्मियों का शनिवार को देहांत हो गया। हटिया मजदूर लोक मंच के रामकुमार नायक ने बताया कि एफएफपी के 05 शॉप में कार्यरत शाहदेव लोहरा की तबीयत अचानक खराब हो गयी।
वह पहले से ही ब्लड प्रेशर व शुगर के मरीज थे। शनिवार को तबीयत खराब होने के बाद परिजन उन्हें इएसआइ अस्पताल ले गये। वहां से उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।
श्री नायक ने कहा कि 19 माह का वेतन बकाया होने के कारण वह आर्थिक तंगी का सामना कर रहे थे। इस कारण वे ठीक ढंग से इलाज नहीं करा पा रहे थे। उनके परिवार में तीन पुत्र, तीन पुत्रियां व पत्नी है। वहीं एचएमटीपी में कार्यरत नंदू मुंडा का भी देहांत शनिवार को हो गया।
इस बाबत एचइसी सप्लाई संघर्ष समिति के मनोज पाठक ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण नंदू मुंडा परेशान थे। सही से इलाज नहीं होने के कारण उनका देहांत हो गया। एचईसी प्रबंधन ने शनिवार को इएसआइ को बकाया राशि का भुगतान कर दिया। अब सप्लाई कर्मियों का इलाज जारी रहेगा।
इस बाबत एचइसी बचाओ मजदूर जन संघर्ष समिति के मनोज पाठक ने बताया कि सप्लाई कर्मियों ने शुक्रवार को प्रबंधन से वार्ता की थी। इसके बाद प्रबंधन ने इएसआइ मद में बकाया 74 लाख रुपये निर्गत किया। इधर, समिति की सभा शनिवार को एचएमटीपी गेट के सामने दिन के एक बजे से प्रकाश कुमार की अध्यक्षता में हुई।
वक्ताओं ने कहा कि समिति मजदूरों की मांगों को लेकर प्रबंधन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से ही तीनों प्लांटों के गेट पर तथा एचइसी मुख्यालय के समक्ष पिछले तीन दिनों से सभा कर रही है। प्रबंधन ने इएसआइ को बकाया भुगतान कर दिया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse