टीम एबीएन, रांची। चुनाव की तैयारी का जायजा लेने भारत निर्वाचन आयोग की टीम दो दिवसीय दौरे पर आज (गुरुवार) देर शाम रांची पहुंच रही है। नई दिल्ली से रात 9 बजे के करीब रांची पहुंच रहे चुनाव आयोग के अधिकारियों द्वारा शुक्रवार को राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के साथ बैठक की जायेगी।
इस बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण से लेकर लोकसभा चुनाव की तैयारी की समीक्षा होगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के अनुसार आयोग का यह विजिट काफी महत्वपूर्ण है। बैठक के दौरान जिलावार प्रजेंटेशन के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण और लोकसभा चुनाव के तैयारी की समीक्षा की जायेगी।
आयोग के अधिकारी फिल्ड विजिट भी कर सकते हैं। इसके लिए तैयारियां की गयी हैं। बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा चुनाव संबंधित कुछ बुकलेट्स का भी विमोचन किये जाने की संभावना है। बताते चलें कि इससे पहले 16 और 17 अगस्त को झारखंड दौरे पर भारत निर्वाचन आयोग की टीम के आने का कार्यक्रम तय था जो अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गया था।
22 सितंबर को सुबह 10 बजे से होटल रेडिशन ब्लू में आयोजित इस बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के सीनियर डिप्टी कमिश्नर डॉक्टर धर्मेंद्र शर्मा के अलावे सीनियर डिप्टी कमिश्नर नीतेश व्यास, मनोज कुमार साहु, प्रिंसिपल सेक्रेटरी अरविंद आनंद, अंडर सेक्रेटरी तनुज कुमारी और सेक्शन आफिसर देवेश कुमार मौजूद रहेंगे।
इस बैठक में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को छोड़कर राज्य के सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान बतौर देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री पर मनमाने ढंग से आदेश जारी करने के आरोप में चुनाव आयोग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निर्वाचन कार्य से अलग रखने का निर्देश दे रखा है। मंजूनाथ भजंत्री के स्थान पर पूर्वी सिंहभूम से कोई अन्य पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse