टीम एबीएन, रांची। एक बार फिर से अपराध के मुद्दे को लेकर झारखंड के भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की हेमंत सरकार पर करारा हमला बोला है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि साहिबगंज जिले में आदिम पहाड़िया जनजाति के सेत माल्तो एवं उनके परिवार की जमीन पर खनन माफियाओं द्वारा जबरदस्ती कब्जा कर अवैध पत्थर खनन किया गया।
पीड़ित ने मामले की शिकायत उपायुक्त से की। इसी बीच सेत माल्तो को शिकायत वापस लेने की धमकी देते हुए गोली मार दी गयी। बाबूलाल मरांडी ने आगे लिखा- यह घटना मई की है लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। हैरानी की बात यह है कि उक्त जिले में मुख्यमंत्री जी का निर्वाचन क्षेत्र भी आता है।
उन्होंने आगे लिखा कि मुख्यमंत्री हेमंत द्वारा अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर फ़र्जी मुकदमे दर्ज करा के गिरफ्तारी के लिए कई टीम बना दिये जाते हैं, तो फिर चार महीने बीतने के बावजूद इन खनन माफियाओं को गिरफ्तार करने में पुलिस के हाथ-पांव क्यों फूल रहे हैं?
बाबूलाल मरांडी ने आगे लिखा- हमारे द्वारा इस प्रकार की समस्याओं को उठाने पर मुख्यमंत्री और ट्रॉल आर्मी के द्वारा निजी हमले शुरू कर दिये जाते हैं। हेमंत जी, आप क्या चाहते हैं कि हम जनता की समस्याओं को संज्ञान में न लायें?
हमारा कर्तव्य है कि हम आपके जंगलराज से शोषित, पीड़ित जनता की आवाज बनें। मुख्यमंत्री, डीजीपी और राज्य के गृह सचिव जबाव दें कि माफियाओं पर कारवाई करने में आखिर उन्हें किसका डर सता रहा है?
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse