झारखंड : सीएम और गवर्नर ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

 

  • माननीय राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन एवं माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने  सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के शहीद पुलिस सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी जी और हवलदार गौतम कुमार जी के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
  • मुख्यमंत्री ने जवान शहीदों के शोक संतप्त परिजनों का ढाढ़स बंधाया
  • कहा- शहीदों के परिजनों /आश्रितों के साथ सरकार सदैव साथ रहेगी

टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में  सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में  झारखंड जगुआर के शहीद पुलिस सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी जी और हवलदार गौतम कुमार जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। 

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीदों के शोक संतप्त परिजनों /आश्रितों से मिलकर उनका ढाढ़स बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के आश्रितों /परिजनों के साथ सरकार सदैव साथ रहेगी। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार और पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उनकी शहादत को नमन किया।

उग्रवादी हताशा में ऐसी घटनाओं को दे रहे अंजाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरअसल राज्य में उग्रवादी घटनाएं अब अंतिम सांसें गिन रही है। उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस को लगातार कई बड़ी सफलताएं मिल रही है। ऐसे में हताशा में उग्रवादियों द्वारा पुलिस को निशाना बनाने की कोशिश हो रही है। दो वीर जवानों की शहादत कहीं न कहीं उग्रवादियों के हताशा में किये गये हमले का ही परिणाम है। 

दो जवानों का शहीद होना हमारे लिए बहुत ही दुखद है। लेकिन, उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस का अभियान और शक्ति के साथ लगातार जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड जगुआर से संबंधित कुछ समस्याएं संज्ञान में आयी है और इसका जल्द निराकरण होगा।

ज्ञात हो कि झारखंड जगुआर के शहीद सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी जी का पैतृक आवास पलामू जिले के रेहला प्रखंड के तोलरा गांव में है। उन्हें एक बेटी और बेटा है। जबकि, शहीद  गौतम कुमार जी के परिजन बिहार के भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के रंधाडीह गांव में रहते हैं। दिवंगत गौतम कुमार जी अविवाहित थे और उनके घर में मां, एक बहन तथा तीन भाई हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse