उपायुक्त गुमला के निर्देश पर डीडीसी ने की प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा

 

गुमला। उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा के निर्देश पर डीडीसी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को दिलाए जाने वाले छात्रवृत्ति योजनांतर्गत प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आईटीडीए भवन के सभागार में आयोजित इस बैठक में बैंकवार विद्यार्थियों के खातों का लंबित एनपीसीआई मैपिंग, तथा 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति हेतु नया खाता खोलने आदि विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि गुमला जिलांतर्गत सरकारी एवं सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 01 से 10 तक में अध्ययनरत अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान हेतु प्राप्त सूची कुल 75271 में से कुल 69043 छात्र-छात्राओं का एनपीसीआई मैपिंग की जांच में 27927 विद्यार्थियों का एनपीसीआई मैपिंग नहीं पाया गया, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि का भुगतान नहीं किया जा सका है। इसके साथ ही कई विद्यार्थियों के खाता संख्या अप्राप्त होने के कारण भी छात्रवृत्ति राशि भुगतान की प्रक्रिया लंबित है। इसपर उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को वैसे सभी विद्यार्थियों जिनकी एनपीसीआई मैपिंग नहीं हुई है, की सूची पुन: सभी बैंकों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने बैंकों द्वारा छात्रवृत्ति भुगतान हेतु बेहद धीमी गति से किए जाने वाले कार्यों तथा बैंको द्वारा छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों में रूची नहीं लिए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए बैंको को अपने कार्य प्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया। बैठक में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों द्वारा बैंक आॅफ इंडिया द्वारा छात्रवृत्ति भुगतान, एनपीसीआई मैपिंग एवं खाता खोलने आदि कार्यों में सहयोग नहीं किए जाने की समस्या से उप विकास आयुक्त को अवगत कराया गया। इसके साथ ही रायडीह प्रखंडांतर्गत नवागढ़ा बैंक आॅफ इंडिया के शाखा प्रबंधक द्वारा ग्राहकों से बुरा बर्ताव किए जाने की भी शिकायत की गई। इसपर उप विकास आयुक्त ने कार्य प्रणाली में सुधार करने अन्यथा संबंधित बैंकों के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों से उनके बैंकों में सुदूरवर्ति एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों के साथ विनम्रतापूर्वक उनका सहयोग करने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के विद्यार्थियों के नए खाता खोले जाने की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने सभी बैंकों को प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 12 बजे तक 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के विद्यार्थियों के नए खाता खोलने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, परियोजना निदेशक आईटीडीए इंदु गुप्ता, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के प्रतिनिधि, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, डीपीओ यूआईडी सैफुल्लाह, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी जारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी गुमला/ सिसई/ घाघरा/ पालकोट/ बसिया/ कामडारा/ रायडीह/ चैनपुर/ डुमरी/ जारी, बैंक समन्वयक बैंक आॅफ इंडिया गुमला/ बैंक आॅफ बड़ौदा गुमला/ कैनरा बैंक गुमला सहित अन्य उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse