टीम एबीएन, पलामू। जिला में रामगढ़ थाना क्षेत्र के सरजा इलाके के पुराने आहर में डूबने से चार स्कूली बच्चियों की मौत हो गयी है। गुरुवार देर रात चारों बच्चियों का शव बरामद किया गया। सभी बच्चियां उलदंडा पंचायत की रहने वाली हैं।
पलामू में बच्चों की मौत की घटना को लेकर बताया जा रहा है कि गुरुवार को ये सभी सरजा के नीलांबर पीतांबर स्कूल में पढ़ने के लिए गयी थीं। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने बच्चियों की खोजबीन शुरू कर दी। लेकिन काफी तलाश करने पर पता चला कि वो बच्चियां पुराने आहर के पास देखी गयीं थी। उनके डूबने की आशंका को लेकर आहर में उनकी तलाश की गयी।
इसके बाद देर रात सभी बच्चियों का शव स्कूल के पीछे आहर से बरामद किया गया। रामगढ़ थाना प्रभारी प्रभात रंजन राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय ग्रामीणों ने देर रात सूचना दिया कि तालाब में बच्चियों का शव है।
इसी सूचना के आलोक में पुलिस मौके पर गई और सभी शवों को बाहर निकाला गया है। शव को बाहर निकालने के बाद उनका पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भेजा गया है। मरने वाली बच्चियों की उम्र 5 से 8 वर्ष के बीच है।
ये बच्चियां नीलांबर पीतांबर स्कूल के एलकेजी में पढ़ती थीं। मृतकों में आराधना कुमारी (8 वर्ष), छाया खाखा (5 वर्ष), सलमी कुमारी (6 वर्ष) और अर्चना कुमारी (7 वर्ष) पिता अवधेश उरांव शामिल है।
थाना प्रभारी ने बताया कि चारों बच्चियां कैसे डूबीं, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम है। बच्चियां स्कूल से लेकर उस पुराने आहर तक कैसे पहुंचीं, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस शुक्रवार सुबह फिर से गांव में गयी, पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले के आला प्रशासनिक अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गये हैं। बता दें कि एक सप्ताह पहले पलामू के पिपरा थाना क्षेत्र में भी तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गयी थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse