टीम एबीएन, रांची। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य में स्ट्रांग हेल्थ सर्किट बनाने को सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य भर के अस्पतालों में जांच और इलाज की बेहतर और आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाये, ताकि मरीजों को दूसरे राज्यों के बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़े। सीएम गुरुवार को स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि इसके लिये जो भी संसाधन की जरूरत होगी, सरकार उसे मुहैया करायेगी।
उन्होंने कहा कि प्रमंडलीय मुख्यालयों में सभी सुविधाओं से युक्त 24 गुणा 7 हेल्थ केयर सर्विसेज की व्यवस्था हो। उन्होंने सभी प्रमंडल के सदर अस्पतालों में इलाज और जांच की अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हेल्थ केयर सर्विसेज शुरू करने का निर्देश दिया। इसकी शुरुआत दुमका से होगी। 300 बिस्तर की क्षमता वाले इस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ जांच इलाज के सभी अत्याधुनिक संसाधन होंगे। यहां सभी चिकित्सकों और पारा मेडिकल कर्मियों की शिफ्ट में ड्यूटी लगायी जायेगी।
चिकित्सकों की नियुक्ति में तेजी लायें
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, इसके लिए चिकित्सकों और अन्य पारा मेडिकल कर्मियों की नियुक्ति में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार अनुबंध पर भी चिकित्सकों को नियुक्त करें। राज्य सरकार की पंचायत स्तर दवा दुकान की योजना के तहत जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाये। जो भी पारा मेडिकल में प्रशिक्षित है, उन्हें भी इस योजना संचालन से जोड़ने की पहल करें।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत मरीजों के इलाज में अस्पतालों द्वारा कोताही बरतने की बात लगातार सामने आ रही है। यह कदापि उचित नहीं है। मरीजों के इलाज में कोई अस्पताल कोताही नहीं बरतें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत इलाज की पात्रता के लिए आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड अगर किसी के पास नहीं है तो 8 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वालों को भी इस श्रेणी में शामिल किया जाये।
एंबुलेंस का परिचालन सुनिश्चित हो
सीएम ने कहा कि एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया है, लेकिन, कुछ कारणों से कई एंबुलेंस के नहीं चलने की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि सभी 206 एंबुलेंस का नियमित और सुचारू परिचालन हो यह तय करें। इधर सर्पदंश की कई मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे मरीजों के इलाज और दवा की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, सीएस सुखदेव सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, सीएम के प्रधान सचिव वंदना दादेल, सचिव विनय कुमार चौबे समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse