टीम एबीएन, विष्णुगढ़। विष्णुगढ़ बैंक आफ इंडिया शाखा के उपभोक्ता बैंक में हो रही असुविधा से खासा परेशान हैं। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि सही समय पर बैंक में पासबुक प्रिंट नहीं होता। आधार लिंक के लिए महीनों इंतजार कराया जाता है। पासबुक को आधार से जुड़वाने के लिए बार-बार बैंक का चक्कर काटना पड़ता है।
खुद के पैसे निकासी के लिए यहां वहां भटकना पड़ता है। वहीं बैंक का सीधा निर्देश है कि 10 हजार से अधिक की राशि की निकासी ही बैंक से होगी। इससे कम की राशि की निकासी के लिए मिनी बैंक (सीएसपी) भेज दिया जाता है। लिहाजा आधार लिंक और ई-केवाईसी के बगैर उपभोक्ताओं के खाते से राशि की निकासी नहीं हो पाती है। दूर दराज से बैंक आने वाले बुजुर्ग महिला पुरुष हर दिन बैंक से बैरंग हताश और निराश लौटने को मजबूर हैं।
अलपिटो के राहुल बताते हैं कि बैंक आफ इंडिया विष्णुगढ़ शाखा में मेरा खाता है। स्कॉलरशिप का पैसा मेरे खाते में आया है, पर केवाईसी अपडेट नहीं होने से राशि नहीं निकल रही है। जबकि युवक को कॉलेज में एडमिशन लेना है।
वहीं चलनिया नावाडीह का मूक बधिर संजय राम पिता सीबू भुइयां अपने पेंशन की राशि निकासी के लिए महीनों से परेशान है। बैंक साथ आयी मां का कहना है कि आधार लिंक के लिए बैंक को कई बार आवेदन दिया गया है। पर दो माह हो गये, लिंक नहीं हुआ।
इस संबंध में बैंक कर्मी ने बताया कि केवाईसी के अधिक फार्म जमा हैं। स्टॉफ की कमी है। लगे हुए हैं। वहीं पासबुक प्रिंट के लिए बारकोड दी जा रही है, जिससे प्रिंटिंग का कार्य आसान हो जायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse