टीम एबीएन, रामगढ़। जिले के पतरातू में एटीएस डीएसपी नीरज कुमार और पतरातू थाने के दरोगा सोनू साव को गोली मारने वाले कुख्यात अपराधी बॉबी साव को एटीएस ने धर दबोचा है। सोमवार देर रात एटीएस डीएसपी पर बॉबी साव सहित चार अपराधियों ने घात लगाकर हमला किया गया था।
डीएसपी नीरज को इस गोलीबारी में पेट में गोली लगी थी। जबकि दरोगा सोनू को जांघ में। दोनों का रांची के एक निजी अस्पताल में फिलहाल इलाज चल रहा है। बॉबी साव की गिरफ्तारी की खबर की पुष्टि एटीएस अधिकारियों ने की है।
डीएसपी-दारोगा को गोली मारने में शामिल था बॉबी
एटीएस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को अमन गिरोह के कुछ गुर्गों के पतरातू में छिपे होने की जानकारी मिली थी, इसी सूचना पर डीएसपी नीरज के नेतृत्व में एटीएस की टीम और पतरातू थाने की टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही थी।
अभियान के दौरान जैसे ही बॉबी और उसके कुछ साथियों ने एटीएस की टीम को अपनी ओर आते देखा तो उन पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में डीएसपी नीरज और दरोगा को गोलियां लग गयीं। गोली लगने की वजह से पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गयी, जिसका फायदा उठाकर बॉबी साव और उसके दो अन्य सहयोगी मौके से फरार हो गये।
गोलीबारी की वारदात के बाद से ही एटीएस और कई जिलों की पुलिस बॉबी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच जानकारी मिली कि वह लोहरदगा में अपने फूफा के घर छिपा हुआ है जिसके बाद एटीएस की टीम ने उसे खदेड़ कर दबोच लिया। मिली जानकारी के अनुसार बॉबी के पास कुछ हथियार भी मिले हैं।
लोहरदगा से हुई गिरफ्तारी
कुख्यात शूटर बॉबी साव अपनी पत्नी के साथ मंगलवार की देर शाम मोटरसाइकिल से लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के भौंरो गांव स्थित अपने फूफा शिशिर प्रजापति के घर पहुंचा था। जहां पर वह छिपा हुआ था। शिशिर झारखंड पुलिस में ड्राइवर के पद पर कार्यरत हैं।
इसी बीच एटीएस की टीम को जानकारी मिली कि बॉबी लोहरदगा में छिपा हुआ है। जिसके बाद एटीएस की टीम रात में ही लोहरदगा पहुंच गयी। एटीएस की टीम ने भौरों गांव पहुंचकर शिशिर के पूरे घर को घेर लिया। जिसके बाद छापेमारी करते हुए बॉबी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी।
हालांकि छापेमारी के समय शिशिर अपने घर में नहीं था, वह रांची में ड्यूटी में था। बॉबी को रांची ले जाकर पूछताछ की जा रही है। एटीएस की टीम द्वारा की गई छापेमारी की भनक लोगों को बुधवार की सुबह हुई। जिसके बाद हड़कंप मच गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse