टीम एबीएन, रांची। संसदीय राजभाषा समिति की तीसरी उप समिति द्वारा रांची में मेकॉन लिमिटेड के मुख्यालय का राजभाषा संबंधी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण बैठक में समिति के संयोजक डॉ मनोज राजोरिया सहित सांसदगण, इस्पात मंत्रालय के अधिकारीगण, मेकॉन लिमिटेड, रांची से निदेशक (वित्त) मुकेश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (विपणन) एवं प्रभारी राजभाषा श्री संदीप सिन्हा तथा राजभाषा टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
निरीक्षण के आरंभ में मेकॉन लिमिटेड के निदेशक (वित्त) मुकेश कुमार ने संसदीय राजभाषा समिति के सभी माननीय सदस्यों तथा पदाधिकारियों का स्वागत किया। तत्पश्चात, उन्होंने समिति को मुख्यालय, रांची में हिन्दी की स्थिति से अवगत कराया तथा कहा कि कार्यालय में हम संपूर्ण कार्य हिंदी में ही करने का प्रयास करते हैं और हमारे यहाँ भारत सरकार की राजभाषा नीति और संवैधानिक प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाता है।
हमारे कार्यालय में राजभाषा कार्यान्वयन की सुदृढ़ परंपरा है और हम अपने सभी कार्यालयों के बीच समन्वय बिठाते हुए राजभाषा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की दिशा में कार्य कर रहे हैं। समिति के सदस्यों ने निरीक्षणाधीन कार्यालय में राजभाषा कार्यान्वयन की स्थिति एवं कार्यों को सराहनीय बताया तथा कार्यालय में राजभाषा के प्रयोग को बढ़ाने हेतु बहुमूल्य सुझाव दिये।
इस अवसर पर मेकॉन लिमिटेड, मुख्यालय, रांची द्वारा राजभाषा प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसमें मेकॉन द्वारा हिन्दी में किए जा रहे नवोन्मेषी कार्यों, प्राप्त पुरस्कारों के शील्ड, अभियांत्रिकी और परामर्शी गतिविधयों से संबंधित स्टैंडी प्रदर्शित की गयी।
अंत में निदेशक (वित्त) मुकेश कुमार ने समिति के सदस्यों तथा उपस्थित अन्य कार्यपालकों, अधिकारियों का आभार ज्ञापित करते हुए समिति को विश्वास दिलाया कि हमारा संस्थान हिन्दी के प्रगामी प्रयोग, इसके प्रचार-प्रसार एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हम समिति को आश्वस्त करते हैं कि समिति के निदेर्शों का समग्र रूप से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे तथा समिति और भारत सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप आवश्यक सुधार करेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse