टीम एबीएन, रांची। मैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सचिव विनय कुमार चौबे का पीए बोल रहा हूं...। खुद को सीएम के सचिव का पीए बता कर रांची में ठगी का मामला सामने आया है। इंटर पास युवक राज्य के कई वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस समेत तमाम विभागों के पदाधिकारियों को फोन कर धमकी देता था। फर्जी पीए की धौस दिखाकर वह अपना निजी काम करवाता था। वह कभी किसी की नौकरी लगाने को लेकर, तो कभी किसी का एडमिशन करवाने को लेकर फोन करता था।
फोन से दबाव बनाने वाला युवक रवि वर्मा ने पिछले कुछ दिनों के अंदर कई लोगों से काम करवाने का झूठा दिलासा देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। किसी से सचिवालय में नौकरी लगाने के नाम पर 4 लाख तो किसी से मनचाही जगह पर ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर लाखों रुपये लिये।
जल्द से जल्द रुपया कमाने की चाहत
रांची के लालपुर थाना की पुलिस ने ठगी करने के आरोप में रवि वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। रवि वर्मा ने इंटर तक की पढ़ाई की है। वह काम की तलाश मंं लोहरदगा से रांची आया था। रांची आने के बाद वह जल्द से जल्द रुपया कमाने की लालच में खुद को फर्जी अधिकारी बताकर जालसाजी करने लगा।
दरअसल, मामले का खुलासा तब हुआ जब लालपुर थाना के प्रभारी ममता कुमार को आरोपी युवक रवि वर्मा ने खुद को सीएम के सचिव का पीएम बताकर इसी केस को मैनेज करने का दबाव बना रहा था। वह लगातार महिला थाना प्रभारी को धौस देते हुए कह रहा था कि अगर वह उसका काम नहीं करेगी तो उन्हें शोकॉज करेगा। युवक द्वारा बार-बार दी जा रही धमकी और उसके बात करने के लहजे से महिला थाना प्रभारी को उस पर शक हुआ।
लाखों रुपये ऐंठने की बात कबूली
इसके बाद महिला थाना प्रभारी ममता कुमारी ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर फर्जीवाड़ा करने वाले युवक रवि वर्मा को ट्रेस कर रांची के टैगोर हिल रोड स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से की गयी पूछताछ के दौरान युवक रवि वर्मा ने खुद को फर्जी अधिकारी बताकर कई लोगों से काम करवाने के बहाने लाखों रुपये ऐंठने की बात कबूली है।
आरोपी युवक के रवि वर्मा ने रांची के एसएसपी, सिटी एसपी, एसडीओ समेत दुमका और लोहरदगा जिला के भी अधिकारियों को फोन कर धौस जमाने की बात कबूली है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse