टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज यूपीए घटक दलों की बैठक में शामिल होने के लिए बेंगलुरु जायेंगे। कांग्रेस की ओर से यूपीए घटक दलों के आला नेताओं के लिए सोमवार को रात्रि भोज का आयोजन किया गया है। वहीं, 18 जुलाई को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यूपीए नेताओं की बैठक होगी।
इसमें कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी के अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी और कई क्षेत्रीय व वाम दलों सहित 24 दलों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झामुमो का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बैठक में यूपीए गठबंधन को स्वरूप देने का प्रयास होगा। इसमें राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर गठबंधन को लेकर चर्चा की जायेगी। इधर, लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए खेमा भी रणनीति बनाने के लिए 18 को दिल्ली में जुट रहा है।
एनडीए की बैठक में प्रदेश से आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो शामिल होंगे। 19 को केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलायी है। सर्वदलीय बैठक में समान नागरिक संंहिता(यूसीसी) के मुद्दे पर दलों की राय ली जायेगी। सर्वदलीय बैठक में भी आजसू पार्टी हिस्सा लेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse