अमेरिका : पेंसिल्वेनिया में बाढ़ से पांच की मौत, दो लापता

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य में शनिवार शाम अचानक आयी बाढ़ से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अपर मेकफील्ड टाउनशिप पुलिस विभाग ने फेसबुक पर कहा कि आकस्मिक बाढ़ ने कई मोटर चालकों को आश्चर्यचकित कर दिया और कई फंस गये।

गौरतलब है कि अपर मेकफील्ड लगभग 8,800 निवासियों वाला बक्स काउंटी में एक टाउनशिप है, जो पेंसिल्वेनिया के सबसे बड़े शहर फिलाडेल्फिया से लगभग 56 किमी पूर्वोत्तर में स्थित है। स्थानीय पुलिस विभाग ने कहा कि यह क्षेत्र मूसलाधार बारिश की चपेट में आ गया, जिससे पूरे टाउनशिप के कई इलाकों में अचानक बाढ़ आ गयी। विभाग ने कहा- राहत एवं बचाव दल सुबह से ही लोगों को बचाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और यह प्रयास अपराह्न तथा शाम तक जारी रहेगा।

विभाग ने रविवार सुबह घोषणा की कि बाढ़ में बह गये तीन लोग मृत पाये गये। बाद में चौथी और पांचवीं मौत की पुष्टि की। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक बाढ़ में मरने वाले पांच लोगों में दो लापता बच्चों की मां भी शामिल है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दक्षिण कैरोलिना का परिवार इलाके में रिश्तेदारों से मिलने गया था। वे बारबेक्यू के लिए जा रहे थे। 

इसी दौरान उनका वाहन अचानक आयी बाढ़ में फंस गया। महिला का पति और चार साल का बेटा भागने में सफल रहे। परिवार की दादी भी बच गयीं और उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में किया गया।

अपर मेकफील्ड टाउनशिप ने मौसम से संबंधित स्थानीय आपदा आपातकाल घोषित कर दिया है। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से बाढ़ के कारण घरों या व्यवसायिक संपत्तियों को हुए नुकासन की रिपोर्ट करने के लिए कहा है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse