विपक्षियों पर हमलावर हुए भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी

 

  • नीतीश-लालू व मुलायम-शिबू सोरेन पर कसा तंज

टीम एबीएन, रांची। महाराष्ट्र में जारी सियासी संग्राम के बीच झारखंड के पूर्व सीएम व भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर से विपक्षियों पर करारा हमला बोला है। खासकर सपा के पूर्व चीफ स्व मुलायम सिंह यादव, लालू यादव और जेएमएम के सर्वेसर्वा शिबू सोरेन पर तंज कसा है।

 लगे हाथ उन्होंने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर भी कटाक्ष किया है। बाबूलाल मरांडी ने एक के बाद एक किये ट्वीट में जहां विपक्ष के नेताओं पर हमला बोला तो वहीं, बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर भाजपा के एहसानों को भी गिनाया है।

परिवारवाद की राजनीति को लेकर कसा तंज
बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट किया- परिवारवादी राजघरानों में सल्तनत संभालने वाला व्यक्ति भले ही निकम्मा हो, अयोग्य हो या भ्रष्ट हो उसे जन्मजात अधिकार प्राप्त होता है कि राजकुमार वही बनेगा।

 देश की राजनीति में कुछ लोगों में अपवाद स्वरूप सार्थक, सकारात्मक और सही सोच की भावना रही है। उनकी अगली पीढ़ी में देश को आगे ले जाने का जज्बा रहा है। वे अपनी ज़मीन पर सफल भी हो रहे हैं। लेकिन ऐसे लोग अपवाद स्वरूप हैं, जिनकी संख्या नगण्य है। लेकिन, अधिकतर परिवारवादी दलों ने अपने दल के अनुभवी, संघर्षशील और तपे तपाए नेताओं के राजनीतिक भविष्य को मिट्टी में मिलाकर निकम्मे राजकुमारों को गद्दी सौंप दी। 

यूपी, बिहार और झारखंड का उदाहरण हमारे सामने है। नतीजतन प्रदेश बर्बाद होने लगे। परिवारवादी दल देश के लिए दीमक की तरह हैं, इनका समय पर उपचार जरूरी है। वरना ऐसे लोग देश-राज्य को रसातल में पंहुचा देंगे।

लालू-मुलायम, शिबू सोरेन पर कटाक्ष
एक अन्य ट्वीट में बाबूलाल मरांडी ने लिखा- कभी कभी सोचता हूं कि परिवारवादी दलों ने अपने योग्य, अनुभवी और संघर्षशील नेताओं को आगे किया होता तो तस्वीर कितनी अलग होती। जैसे यूपी में मुलायम सिंह ने, बिहार में लालू यादव ने और झारखंड में शिबू सोरेन ने अपने किसी दूसरे अनुभवी, जुझारू साथी को गद्दी सौंप दी होती या उन्हें आगे बढ़ा दिया होता तो राज्य का कुछ भला हो गया होता।

उन्होंने आगे लिखा- झारखंड के संदर्भ में मेरा मानना है कि श्री स्टीफन मरांडी जी, दिवंगत साईमन मरांडी, लोबिन हेम्ब्रम जैसे कई अनुभवी आंदोलनकारी ज़मीन से जुड़े नेता थे, जो शिबू जी के साथी रहे लेकिन जब गद्दी सौंपने की बात आयी, तो उन्हें किनारे लगा अपने अयोग्य, अहंकारी, अल्पज्ञानी एवं सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए नालायक बेटे हेमंत को नेतृत्व थमा दिया। परिणाम सामने है। परिवारवादी दल लोकतंत्र पर कलंक हैं। इन्हें मिटाना जरूरी है। अगले चुनाव में जनता अयोग्य परिवारवादियों को निकाल बाहर करेगी।

बिहार के सीएम नीतीश पर कसा तंज
बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट किया- विपक्षी कभी खेला होबे की बात कहते हैं तो कभी रोटी पलटने की। लेकिन भाजपा जब अपने अंदाज में जवाब देती है तो बिलबिला उठते हैं। भाजपा ने जिसके साथ भी मित्रता की, उसे निभाया। नीतीश कुमार जी को 43 सीटों के बावजूद मुख्यमंत्री बनाया। लेकिन जेडीयू और शिवसेना (उद्धव गुट) जैसे दलों ने भाजपा की पीठ में छुरा घोंपा। शिवसेना से हिसाब चुकता हो चुका है, अब? आप कहिये।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse