एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बिना विकेट गंवाए 129 रन बना लिए हैं। ओपनर्स विल यंग 180 गेंदों पर 75 रन और टॉम लाथम 165 गेंदों पर 50 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत ने पहली पारी में 345 रन बनाए थे। श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 105 रन की पारी खेली थी। पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड की टीम फिलहाल भारत से 216 रन पीछे है। भारतीय टीम 345 रन पर ऑलआउट हुई : भारतीय टीम ने शुक्रवार को चार विकेट पर 258 रन से आगे खेलना शुरू किया और 87 रन जोड़कर 345 रन पर ऑलआउट हो गई। रवींद्र जडेजा के रूप में दूसरे दिन टीम इंडिया को पहला झटका लगा। वे अपने स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ सके और 50 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा 1 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान श्रेयस ने डेब्यू टेस्ट की डेब्यू पारी में सेंचुरी लगाई। श्रेयस अय्यर ने लगाया शतक : श्रेयस भारत की तरफ से डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले 16वें बल्लेबाज हैं। इसके अलावा वह भारत के तीसरे क्रिकेट हैं जिन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाया है। डेब्यू पारी में शतक जड़ने वाला श्रेयस 13वें भारतीय क्रिकेटर हैं। अपनी ही जमीन पर ये कारनामा करने वाले श्रेयस 10वें भारतीय क्रिकेटर हैं। वह 171 गेंदों पर 13 चौके और दो छक्के की मदद से 105 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें साउदी ने विल यंग के हाथों कैच कराया। न्यूजीलैंड की टीम शानदार बल्लेबाजी : जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि, इस दौरान किस्मत ने भी कीवी बल्लेबाजों का खूब साथ दिया। लाथम तीन बार डीआरएस पर बच गए। वहीं, विल यंग को भी एक बार जीवनदान मिला। उन्होंने इसका भरपूर फायदा उठाया और भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। लाथम ने टेस्ट करियर की 20वीं फिफ्टी और यंग ने दूसरी फिफ्टी लगाई।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse