एबीएन सेंट्रल डेस्क। चक्रवाती तूफान बिपारजॉय का असर राजस्थान के कुछ इलाकों में भी देखने को मिला, जहां जालोर और बाड़मेर जिले में कई जगह भारी बारिश हुई है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात कुछ स्थानों पर 60-70 मिलीमीटर बारिश हुई है और आज भी इन दोनों जिलों और इनके आसपास के इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने राजस्थान के कुछ हिस्सों- बाड़मेर, जालोर, जैसलमेर, सिरोही, जोधपुर, पाली और आसपास के स्थानों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
आईएमडी ने कहा कि गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (जिसने गुरुवार को गुजरात में दस्तक दी थी) दोपहर के आसपास सौराष्ट्र और कच्छ के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है और इसके बाद दक्षिण राजस्थान में शुक्रवार शाम के आसपास एक गहरे दबाव का क्षेत्र बन सकता है।
अधिकारी ने बताया कि जालोर में आज सुबह तक 69 मिमी बारिश हो चुकी है और बारिश जारी है। विभाग ने चक्रवात की तीव्रता को देखते हुए 16 जून को बाड़मेर व जालोर जिले के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
इसी के साथ जैसलमेर, जोधपुर, पाली व सिरोही के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है। वहीं बीकानेर, राजसमंद, उदयपुर और डूंगरपुर जिले के कुछ हिस्सों मे भी मूसलाधार बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने राज्य में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की हैं। वही दक्षिण राजस्थान में 16 जून को दोपहर तक 60 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
विभाग ने 17 जून को बाड़मेर और जोधपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसी के साथ भीलवाडा, करौली, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, नागौर में तेज गरज के साथ वर्षा और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इस बीच प्रशासन ने भारी बारिश से प्रभावित लोगों के बचाव के लिए जयपुर, कोटा, भरतपुर, उदयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की आठ और किशनगढ़, अजमेर में एनडीआरएफ की एक कंपनी को तैनात किया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse