एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट गंवाकर 258 रन बना लिए हैं। रवींद्र जडेजा 100 गेंदों पर 50 रन और श्रेयस अय्यर 75 रन बनाकर नाबाद हैं। श्रेयस का यह डेब्यू टेस्ट भी है। न्यूजीलैंड की ओर से सभी विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए। काइल जेमीसन को तीन और टिम साउदी को एक विकेट मिला। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे इस टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। टीम इंडिया ने पहले चार विकेट 145 के स्कोर पर गंवा दिए थे। मयंक अग्रवाल 13 रन बना सके। वहीं, चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे एक बार फिर फेल रहे। पुजारा 26 रन और रहाणे 35 रन बनाकर आउट हुए। शुभमन गिल ने टेस्ट करियर की चौथी फिफ्टी लगाई। वे 93 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। शुभमन ने सात पारियों के बाद फिफ्टी लगाई। वह (22 साल 78 दिन) कानपुर में टेस्ट फिफ्टी लगाने वाले दूसरे युवा भारतीय बने। इसका रिकॉर्ड एमएल जससिम्हा (21 साल 288 दिन) के नाम है। चार विकेट गिरने के बाद श्रेयस अय्यर और रवींद्र जडेजा ने पारी संभाली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 208 गेंदों पर 113 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम इंडिया की पारी को संभाला। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे श्रेयस ने सूझबूझ वाली पारी खेली और 94 गेंदों पर अपनी पहली फिफ्टी पूरी की। डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में 50 से ज्यादा का स्कोर बनाने वाले अय्यर भारत के 47वें खिलाड़ी बने। साथ ही टेस्ट डेब्यू में न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 से ज्यादा का स्कोर बनाने वाले चौथे भारतीय रहे। उनसे पहले सुरेंदर अमरनाथ (124), कृपाल सिंह (100*), देवांग गांधी (75) और बापू नादकर्णी (68*) यह कारनामा कर चुके हैं। जडेजा ने भी समझदारी वाली पारी खेली और खराब गेंदों पर शॉट लगाए और अच्छी गेंदों को जाने दिया। उन्होंने इस दौरान टेस्ट करियर की 17वीं फिफ्टी लगाई। ऐसा कहा जा रहा था कि इस मैदान पर स्पिनर्स को मदद मिलेगी, लेकिन भारत के सभी विकेट कीवी तेज गेंदबाजों ने लिए। जेमीसन ने 3 और साउदी ने एक विकेट लिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse