बालासोर रेल हादसा में मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 2-2 लाख रुपये

 

  • बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने की अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा

एबीएन न्यूज नेटवर्क पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ओडिशा के बालासोर में बहनागा रेलवे स्टेशन के पास हुई भीषण रेल दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को 02-02 लाख रुपये एवं गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुख्यमंत्री राहत कोष से अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की। 

बालासोर रेल दुर्घटना में बिहार के यात्रियों को मदद पहुंचाने के उद्देश्य से चार अधिकारियों की एक टीम को ओडिशा सरकार, रेलवे एवं बालासोर जिला प्रशासन के साथ समन्वय एवं सहयोग हेतु भेजा गया था प्रतिनियुक्त टीम के द्वारा बालासोर, कटक एवं भुवनेश्वर में इलाजरत बिहार के यात्रियों से मुलाकात की गई एवं उनके बेहतर इलाज हेतु जिला प्रशासन एवं अस्पताल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया गया। 

रेल दुर्घटना में बिहार के मृत व्यक्तियों की पहचान कर उनके शव को बिहार वापस भेजने में परिजनों की मदद की गयी। मृत व्यक्तियों की पहचान हेतु परिजनों का डीएनए सैंपलिंग करवाने में भी एम्स भुवनेश्वर एवं ओडिशा सरकार के साथ समन्वय स्थापित किया गया।  

30 यात्री अभी भी विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत 

बिहार के लगभग 30 यात्री अभी भी विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं। लापता व्यक्तियों के परिजन डीएनए सैंपलिंग देने के उपरांत रिपोर्ट की प्रतीक्षा में भुवनेश्वर में रह रहे हैं। उनके सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा पुन: दो अधिकारियों की एक टीम को भुवनेश्वर भेजने का निर्णय लिया गया है।

 रेल दुर्घटना में घायल व्यक्ति ओडिशा के विभिन्न अस्पतालों में इलाज के उपरांत धीरे-धीरे वापस अपने घर लौट रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल एवं आवश्यकता पड़ने पर आगे इलाज हेतु जिला के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह असैनिक शल्य चिकित्सक को प्राधिकृत किया गया है।  

सीएम ने मृत लोगों के परिजनों के प्रति जतायी गहरी संवेदना 

मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह असैनिक शल्य चिकित्सक के द्वारा सभी घायल व्यक्तियों के घर चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मियों की एक टीम को भेजकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे इलाज की व्यवस्था की जायेगी। 

मुख्यमंत्री ने इस हादसे में मृत लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि यह घटना काफी दुखद है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी ईश्वर से कामना की है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse