टीम एबीएन, रांची। झारखंड की कला संस्कृति की विरासत को समृद्ध करने और उनका दृश्य-श्रव्य माध्यम से अभिलेखिकरण हेतु फिल्म निर्माण की विधा को जन सामान्य तक पहुंचाने का कार्य चित्रपट झारखंड लगातार कर रहा है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ दीपक प्रसाद ने बताया कि चित्रपट झारखंड का मुख्य उद्देश्य झारखंड के वैसे प्रतिभावान कलाकारों एवं अन्य को जिन्हें फिल्म निर्माण में रुचि है। उन्हें प्रशिक्षित कर फिल्म निर्माण के लिए प्रेरित करना तथा मार्गदर्शन देना है ताकि वे झारखंड की कला, संस्कृति, पर्यटन स्थल, जंगल, झरनों का फिल्मांकन कर अपनी विरासत को संरक्षित कर सकें और सोशल मीडिया के माध्यम से विश्व पटल पर रख सकें। साथ ही इसे अपनी रोजी रोटी का जरिया भी बना सकें।
इन्हीं तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए चित्रपट झारखंड के द्वारा 23, 24 एवं 25 जून 2023 को सरला बिरला विश्वविद्यालय में प्रदेश स्तर का तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव : 2023 का आयोजन किया जा रहा है। चित्रपट झारखंड के द्वारा विगत दो वर्षों से अलग अलग जिलों मे दिए जा रहे फिल्म निर्माण प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि इस फिल्म महोत्सव मे राज्य के विभिन्न जिलों से 102 लघु फिल्में भेजी गयी।
इस फिल्म महोत्सव के लिए तीन वर्गों में (लघु फिल्म, डाक्यूमेंट्री और कैंपस) फिल्में आमंत्रित की गयी थी। उन फिल्मों को देख कर मुंबई से आये जूरी के सदस्यों ने 60 फिल्मों को प्रदर्शन के लिए योग्य पाया। जिनकी स्क्रीनिंग 23 से 25 जून के बीच सरला बिरला यूनिवर्सिटी आयोजन स्थल पर की जायेगी।
इस तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल में अतिथि के तौर पर अर्जुन मुंडा, केंद्रीय जनजातीय मंत्री भारत सरकार, डॉ महुआ मांजी राज्यसभा सांसद, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय, लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा, राज्यसभा सांसद समीर उरांव, पद्मश्री मुकुंद नायक, इस उत्सव मे जिनकी फिल्में प्रदर्शन के लिए चयनित हुई हैं उन फिल्मों के निर्माता-निर्देशक आदि को आमंत्रित किया जायेगा। उन सभी के लिए आयोजन स्थल पर ही आवास, भोजन सहित अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जायेंगी।
इस फिल्म महोत्सव : 2023 को सार्थक और उपयोगी बनाने की दिशा में हर संभव कोशिश चित्रपट झारखंड टोली के सदस्य कर रहे हैं। ताकि हमारा झारखंड प्रदेश भी फिल्म निर्माण के क्षेत्र मे आत्म निर्भर बन सके। यहां भी भारतीय मूल्यों के साथ अच्छी अच्छी व्यावसायिक फिल्मों का निर्माण हो सके।
विगत कई माह से इस आयोजन में लगे चित्रपट झारखंड टोली के सदस्यों में प्रांतीय समन्वयक नंद कुमार सिंह, डॉ सुशील कुमार अंकन, राकेश रमण, सुमित मित्तल, पुलिन मित्र, डॉ दीपक प्रसाद, नवीन सहाय, शैलेंद्र भट्ट, विष्णुचंद्र गिरी, भारत भूषण, अनिमेष कुमार, अमित कुमार, राजेंद्र प्रसाद, आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ प्रदीप वर्मा, सरला बिरला के प्रशासक आशुतोष द्विवेदी, फिल्म निर्माता एवं व्यवसाय अजय कुमार सिंह, मुंबई से भारतीय चित्र साधना के सहसचिव आकाश आदित्य लामा, अविनाश कुमार सहित अन्य कई लोग लगे हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse