एबीएन न्यूज नेटवर्क, गोड्डा। जिले में अपराधियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने बसंतराय स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद कॉलेज के प्राचार्य डॉ नजीरुद्दीन की अपहरण के बाद हत्या कर दी है। शुक्रवार की अहले सुबह उनका शव महगामा दियाजोरी के बीच पाया गया। डॉ नजीरुद्दीन का क्षेत्र में काफी नाम था। उनकी हत्या की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है।
जानकारी के मुताबिक, झारखंड बिहार की सीमा पर कोरियाना पुल के पास से उनका अपहरण किया गया था। हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने डॉ नजीरुद्दीन के वाहन चालक की कनपटी पर हथियार सटा दिया और उसके बाद डॉ नजीरुद्दीन का अपहरण किया था। इस घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ आनंद मोहन सिंह और इंस्पेक्टर घटनास्थल के लिए रवाना हो गये थे और जांच कर रहे हैं। पुलिस ने सभी सीमावर्ती चेक पोस्ट को सील कर दिया है और जांच में जुट गयी है।
बिहार पुलिस को भी किया गया अलर्ट
गौरतलब हो कि जहां से अपहरण की बात सामने आयी थी, वह क्षेत्र बिहार की सीमा से सटा है। बिहार का बांका और भागलपुर जिला इलाके की सीमा से लगता है। ऐसे में पड़ोसी राज्य के धोरैया और सनहोला थाना पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है और अपराधियों की तलाश की जा रही है।
डॉ नजीरुद्दीन एक जाना पहचाना नाम
बता दें कि प्राचार्य डॉ नजीरुद्दीन एक जाना पहचाना नाम थे। वे राजनीतिक रूप से भी सक्रिय थे और उनका क्षेत्र में अच्छा खासा रसूख भी था। ऐसे में उनकी मौत की खबर क्षेत्र में सनसनी की तरह फैल गयी है। नजीरुद्दीन झामुमो के नेता थे। वहीं उनके बड़े भाई रुस्तम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य हैं और झामुमो केंद्रीय कमेटी के सदस्य भी हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse