दिसंबर से फरवरी तक कोडरमा और पारसनाथ से अजमेर और खाटू श्याम की यात्रा नहीं कर सकेंगे तीर्थ यात्री, आंदोलन की चेतावनी

 

कोडरमा। 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2022 तक कोहरे को लेकर झारखंड के धनबाद, पारसनाथ और कोडरमा के रास्ते होकर चलने वाली 12987 और 12988 अजमेर सियालदाह एक्सप्रेस को रेलवे ने रद्द करने की घोषणा कर दी है। पूर्व से ही 12307 और 12308 हावड़ा जोधपुर एक्सप्रेस का पारसनाथ और कोडरमा में 1 जून 2020 से ठहराव स्थगित कर रखा है। ऐसे में झारखंड के साथ-साथ बिहार के कई जिलों के यात्रियों का राजस्थान से सीधा संपर्क टूट जाएगा। ज्ञात हो कि अभ्रकांचल और कोयलांचल क्षेत्र से बड़ी संख्या में पर्यटन के साथ-साथ धार्मिक प्रयोजन और शिक्षा तथा व्यवसाय को लेकर हजारों की संख्या में लोग राजस्थान के विभिन्न इलाकों में आवागमन करते हैं। साथ ही दिसंबर महीने से जनवरी महीने तक काफी संख्या में पर्यटक मैथन, तिलैया डैम और पारसनाथ आते हैं। ऐसे में जबकि रेलवे में कोरोना काल के बाद सभी ट्रेनों का स्पेशल श्रेणी हटा कर पूर्व की भाति परिचालन शुरू कर दिया है, पर कोडरमा और पारसनाथ में जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव अभी तक शुरू नहीं हुआ और ऊपर से अजमेर सियालदाह को भी इन माह के लिए रद्द कर दिया गया है। इससे यहां रेलवे को राजस्व का नुकसान तो होगा ही, यात्रियों को भारतीय रेल से सफर करना मुश्किल हो जाएगा। बताते चलें कि जैन तीर्थ यात्रियों के अलावा लोग अजमेर शरीफ, राजस्थान के कोटा, खाटू श्यामजी लगातार जाते हैं और उत्तरी छोटानागपुर के हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, बिहार के रजौली, नवादा, बिहारशरीफ के लोग कोडरमा एवं हजारीबाग रोड, पारसनाथ से ट्रेन पकड़कर सफर करते हैं। रेलवे ने पहले से ही हजारीबाग रोड और चंद्रपुरा में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का ठहराव स्थगित किया हुआ है। ऐसे में झारखंड और बिहार के यात्री अपने को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इधर जिला परिषद संघ की प्रदेश अध्यक्ष सह कोडरमा की प्रधान शालिनी गुप्ता ने रेल मंत्री, चेयरमन तथा मध्य पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को ट्वीट कर ट्रेनों के ठहराव की मांग की है पर अभी तक इस पर अमल नहीं किया गया है। जिला परिषद प्रधान शालिनी गुप्ता ने बताया कि 30 नवंबर तक इस पर कोई निर्णय नहीं हुआ तो जन सहभागिता से आंदोलन करने का निर्णय लिया जाएगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse