टीम एबीएन, रांची। झारखंड में आतंक का पर्याय माने जाने वाले पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के सुप्रीमो दिनेश गोप को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिनेश गोप पर झारखंड पुलिस ने 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एनआइए ने भी उस पर 5 लाख रुपये का इनाम रखा था। इस खूंखार नक्सली को पड़ोसी देश नेपाल से गिरफ्तार किया गया है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उसे नेपाल से पकड़ा है। दिनेश गोप को रांची लाने की कार्रवाई की जा रही है। झारखंड पुलिस और एनआईए ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप को गिरफ्तार किया है। उस पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम था।
इस शख्स ने पिछले दो दशक से झारखंड के अलग-अलग राज्यों में आतंक मचा रखा था। झारखंड में उस पर करीब 150 मुकदमे दर्ज हैं। नेपाल से गिरफ्तार दिनेश गोप को पहले दिल्ली लाया जायेगा। वहां से उसे रांची लाया जायेगा। दिनेश गोप पर कई संगीन आरोप हैं।
सुरक्षा बलों पर हमला करने के अलावा उस पर लेवी वसूलने, लेवी के लिए ठेकेदारों-व्यापारियों को धमकी देने और उन्हें डराने-धमकाने के भी आरोप हैं। इतना ही नहीं, दिनेश गोप पर टेरर फंडिंग के भी आरोप हैं। टेरर फंडिंग मामले में ही एनआईए ने उसके खिलाफ जांच शुरू की थी। बता दें कि वर्ष, 2020 में ही एनआईए ने दिनेश गोप की दोनों पत्नियों हीरा देवी और शकुंतला कुमारी को गिरफ्तार किया था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse