टीम एबीएन, रांची। बिहार के बाद झारखंड में भी बाबा बागेश्वर पर बयानबाजी जारी है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बाबा के मंच पर भाजपा नेताओं की मौजूदगी पर पलटवार किया। बन्ना गुप्ता ने कहा कि भाजपा के लोगों का व्यक्तिगत प्रभाव कम हो रहा है। इसलिए बाबा की मदद से भाजपा नैय्या पार करना चाहती है।
ऐसा करने में भाजपा नेताओं को महारत हासिल है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने आगे कहा कि बाबा प्रवचन कर रहे हैं और हिंदू धर्म में जो चीजें हैं इसके अनुरूप कर रहे हैं। लोगों को अच्छी बात जाननी चाहिए। हमारे धर्म में बहुत अच्छी अच्छी बातें हैं।
हमारा देश धर्म निरपेक्ष देश है। किसी धर्म में किसी को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। बाबा हों, मौलवी हों अच्छी बातें आनी चाहिए। इसे वाद विवाद में लाना नहीं चाहिए।
राजद ने बताया भाजपा का एजेंट
वहीं, धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम को लेकर सियासत रूकने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर से कार्यक्रम को लेकर राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम को उन्होंने भाजपा का इवेंट बताया और बागेश्वर बाबा पर निशाना साधते हुए उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को भाजपा का एजेंट बताया।
शक्ति सिंह यादव ने कहा कि यह किसी की दी हुई सुपारी पर काम कर रहे हैं। भारत में राम रहीम और आसाराम बापू का पद खाली हुआ था। बहुत जल्द वह उसको भरेंगे। आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री में बाबा का कोई गुण नहीं है। उनके कार्यक्रम में जो लोग एक बार शामिल हुए वह दोबारा कभी नहीं जायेंगे। सनातन धर्म का अपमान करने वाले बाबा अपने चार चमचे के द्वारा चुनिंदा लोगों की पर्ची निकालते हैं।
हाई सिक्योरिटी जोन में असमाजिक तत्वों की करतूत
बिहार में पंडित धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम का अंतिम दिन है। बता दें कि पिछले 5 दिनों से बाबा बागेश्वर नौबतपुर के तरेत पाली में प्रवचन कर रहे हैं। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच असामाजिक तत्वों के निशाने पर भी बाबा बागेश्वर हैं। राजधानी पटना के जितने भी चौक चौक चौराहे जहां पर बाबा के पोस्टर लगाये गये हैं।
असामाजिक तत्वों ने देर रात बाबा के पोस्टर पर कालिख पोतने का काम किया है। हैरानी की बात यह है कि उन चौक चौराहों पर यह हिमाकत की गई है जो अति व्यस्त हैं। सीसीटीवी की निगरानी से लेकर पुलिस की पेट्रोलिंग लगातार रहती है। इसके बावजूद पुलिस अब तक पोस्टर पर कालिख पोतने वाले को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse