टीम एबीएन, रांची। नेतरहाट घूमने आये रांची के एक नवदंपती दुर्घटना के शिकार हो गये। दंपती की कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी घाटी में जा गिरी। इस हादसे में पति की मौत हो गयी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। अमरेंद्र कुमार और डॉली रानी रांची के रहने वाले हैं। दंपती एक कार से नेतरहाट घूमने आये थे।
शुक्रवार (12 मई) की शाम दोनों वापस रांची लौट रहे थे। इसी क्रम में उनकी गाड़ी नेतरहाट की घाटी की गहरी खाई में गिर गयी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पति की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। जबकि पत्नी डॉली रानी गंभीर रूप से घायल हो गयी। बाद में घायल अवस्था में ही डॉली रानी किसी प्रकार घाटी से निकलकर सड़क पर आयी और लोगों से मदद की गुहार लगायी।
रास्ते से गुजर रहे लोगों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। यह इलाका गुमला जिले के गुरदरी थाना में पड़ता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची और घायल डॉली रानी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को घाटी से निकाला। पुलिस लगभग तीन घंटे तक इसके लिए प्रयास की तब जाकर शव को घाटी से बाहर निकाला जा सका। घाटी से शव निकालने के बाद पुलिस ने अस्पताल भेज दिया है।
शनिवार (13 मई) को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि अमरेंद्र और डॉली की शादी 4 महीने पहले ही हुई थी। शादी के बाद दोनों पति पत्नी गुरुवार को नेतरहाट घूमने आये थे। रात में रुकने के बाद शुक्रवार की शाम दोनों वापस रांची लौटने के लिए नेतरहाट से निकले थे। लेकिन नेतरहाट से लौटने के क्रम में घाटी में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गयी, जिससे अमरेंद्र की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी।
इधर घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गयी है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गये। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse