कुड़ू : सीओ को जान से मारने की धमकी देने का आरोपी फरार

 

टीम एबीएन, लोहरदगा। जिले के कुड़ू अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। इस घटना के बाद कुड़ू अंचल अधिकारी के बयान पर कुड़ू थाना में एक युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गयी है। युवक फरार बताया जा रहा है। 

कुड़ू अंचल अधिकारी को जान से मारने की धमकी देने का पूरा मामला सिर्फ और सिर्फ लीची तोड़ने से जुड़ा हुआ है। बात थोड़ी हैरान करने वाली है पर यह सच है। कुड़ू अंचल कार्यालय परिसर से सटे क्षेत्र में फलों का बागान है। यहां पर लीची और दूसरे फलों की सुरक्षा को लेकर अंचल अधिकारी ने चौकीदार और होमगार्ड के जवानों को प्रतिनियुक्त की है। 

यहां पर शुक्रवार को होमगार्ड जवान अपनी ड्यूटी कर रहा था। तभी चार-पांच लड़के वहां पर आ गये और उन्होंने लीची तोड़ना शुरू कर दिया। होमगार्ड के जवान ने मना किया तो चार लड़के तो भाग गये, पर एक लड़का एनामुल अंसारी वहीं डटा रहा। जिसके बाद होमगार्ड के जवान ने युवक को पकड़कर सीओ के पास पहुंचाया। 

सीओ ने युवक को समझा कर वापस भेज दिया। इसके बाद युवक वापस फिर बागान में आकर लीची तोड़ने लगा। इस बात पर होमगार्ड के जवान ने उसे टोका तो युवक ने देसी कट्टा निकालकर होमगार्ड के जवान पर तान दिया। इसके बाद होमगार्ड का जवान भागकर सीओ के पास पहुंचा। 

पीछे-पीछे वह युवक एनामुल अंसारी भी सीओ के कार्यालय में पहुंच गया था, जहां उसने सीओ को भी जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद सीओ ने मामले को लेकर शुक्रवार को पुलिस को आवेदन दिया। इस घटना को लेकर शुक्रवार की देर रात कुड़ू थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।

पुलिस युवक की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है। फिलहाल लोहरदगा के कुड़ू अंचल अधिकारी को जान से मारने की धमकी दिये जाने का मामला चर्चा में है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse