टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची समेत झारखंड में गर्मी अब शरीर झुलसाने लगी है। राज्य में औसत अधिकतम तापमान 44 के करीब है। आसमान पूरी तरह साफ और धूप की तपिश से गर्म लहर भी चलने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले चार दिनों तक गर्मी सतायेगी, लेकिन 15 मई से कुछ स्थानों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने से सूरज का कहर थोड़ा कम होने की उम्मीद है।
इधर, बुधवार को गोड़्डा का तापमान 43.6 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि रांची का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 42.6, पाकुड़ का 42.5 और मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों की तुलना में अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री तक की वृद्धि हुई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन इससे राहत नहीं बल्कि उमस की गर्मी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी समेत पूरे प्रदेश में अगले चार दिनों के दौरान गर्मी में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इस दौरान आंशिक बादल छाये रह सकते हैं, लेकिन इससे राहत नहीं मिलेगी। रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में 15 मई से मौसम में बदलाव और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse