एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। वनडे विश्व कप के लिए शेड्यूल की घोषणा जल्द होने वाली है। ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) आईपीएल के मौजूदा सीजन के समाप्त होने के तुरंत बाद कार्यक्रम जारी कर देगा। टूर्नामेंट का आयोजन पांच अक्तूबर से 19 नवंबर तक भारत में होगा।
मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड उद्घाटन मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ उतर सकती है। दोनों टीमें पिछली बार 2019 में लॉर्ड्स के मैदान फाइनल खेली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। इसके अलावा फाइनल मैच का भी आयोजन इसी मैदान पर होगा।
भारत की बात करें तो उसका पहला मैच चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया से हो सकता है। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबला 15 अक्तूबर (रविवार) को हो सकता है। शेड्यूल को लेकर पाकिस्तान ने जताई चिंताएं
रिपोर्ट्स के अनुसार, एशिया कप को लेकर जारी गतिरोध के बीच पाकिस्तान विश्व कप के लिए भारत का दौरा करने के लिए सहमत हो गया है। हालांकि, शेड्यूल को लेकर उसकी कुछ चिंताएं हैं।
पीसीबी ने अहमदाबाद में भारत के खिलाफ खेलने को लेकर आपत्ति जताई है। पीसीबी प्रमुख नजम सेठी अपने मैचों के स्थानों में कुछ बदलाव करने के लिए कह रहे हैं। हालांकि, यह पता चला है कि पीसीबी अहमदाबाद में फाइनल खेलने के लिए सहमत हो गया है, अगर उसकी टीम खिताबी मुकाबले में पहुंचती है।
दक्षिण भारत में होंगे पाकिस्तान के ज्यादा मैच
अब तक तैयार किए गए संभावित शेड्यूल के अनुसार, पाकिस्तान अपने मैच अहमदाबाद, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु में खेलेगा। बीसीसीआई ने पाकिस्तान को दक्षिण भारत में खेलने के ज्यादा मौके दे रहा है। कोलकाता, दिल्ली, इंदौर, धर्मशाला, गुवाहाटी, राजकोट, रायपुर और मुंबई के स्टेडियम को भी शॉर्टलिस्ट किया गया है। मोहाली और नागपुर को सूची में नहीं रखा गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse