छत्तीसगढ़ : दंतेवाड़ा में नक्सलियों के आइइडी ब्लास्ट में 11 जवान शहीद

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। छत्तीसगढ़ के घुर नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में गश्त से लौट रहे जवानों के वाहनों को विस्फोट से उड़ाने से सुरक्षा बलों के 11 जवान शहीद हो गये, जबकि कुछ जवान घायल भी हुए है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले के अरनपुर क्षेत्र में गश्त से लौट रहे सुरक्षा बलों के जवान आज दोपहर लौट रहे थे कि उनके वाहन को नक्सलियों ने आयी ब्लास्ट कर उड़ा दिया, जिससे वाहन के चालक समेत 11 जवान मौके पर ही शहीद हो गये। कुछ जवानों के घायल होने की भी सूचना है। 

घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों को एंबुलेंस के साथ घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया है। घटनास्थल जिला मुख्यालय से लगभग 50 किमी दूर घटना जंगली क्षेत्र बताया गया है। 

राज्य में लम्बे समय बाद नक्सलियों के हमले में इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के जवान शहीद हुए हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फोन पर बात कर जानकारी मांगी है।  

गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर मांगी जानकारी 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात की और दंतेवाड़ा में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में 10 पुलिसकर्मियों के शहीद होने की घटना के बाद की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक शाह ने स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्री ने बघेल से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार को हरसंभव मदद देगी।  

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि दंतेवाड़ा के थाना अरनपुर क्षेत्र अंतर्गत माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए पहुंचे डीआरजी बल पर आईईडी विस्फोट से हमारे 10 डीआरजी जवान एवं एक चालक के शहीद होने का समाचार बेहद दुखद है। हम सब प्रदेशवासी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके परिवारों के साथ दु:ख में हम सब साझेदार हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। 

केजरीवाल-योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर जताया दुख 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में हमारे जवान शहीद हो गये। नक्सलियों की यह कायराना हरकत बेहद परेशान करने वाली सूचना है। नक्सलवाद को कुचलने के लिए सभी सरकारों को तत्काल सख़्त कदम उठाने की जरूरत है। शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि...! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे...!! 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए मां भारती के वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। इस दु:खद घड़ी में हम सभी परिजनों के साथ खड़े हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति दें।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse