एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। ईद-उल-फितर के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी मैदान पहुंच कर इमाम इदैन हजरत मौलाना महसूद अहमद कादरी नदवी से मुलाकात कर उनसे मोसाफा किया और ईद की मुबारकबाद पेश की।
इमाम इदैन हजरत मौलाना महसूद अहमद कादरी नदवी ने मौके पर मुख्यमंत्री को भी ईद की मुबारकबाद दी तथा बिहार की सुख, समृद्धि, प्रगति, उन्नति एवं विकास की कामना की।
इससे पूर्व इदैन कमिटी के सदर महमूद आलम ने नीतीश कुमार को गुलदस्ता भेंटकर एवं साफा पेश कर उनकी इज्जत अफजाई की। मुख्यमंत्री ने तमाम नमाजियों सहित मुस्लिम भाई-बहनों एवं बिहारवासियों तथा देशवासियों को ईद की मुबारकबाद एवं बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री लोगों से गले मिलकर, हाथ मिलाकर भी ईद की मुबारकबाद दी।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद के अवसर पर मैं सभी को मुबारकबाद देता हूं। वर्ष 2006 से ही ईद के मौके पर हम यहां आते रहे हैं। पिछले दो वर्ष 2020 और 2021 में कोरोना के कारण इसका आयोजन नहीं हो पाया था।
ईद के मौके पर यहां आकर मुझे खुशी होती है। यहां अच्छा माहौल है। रमजान के इस पवित्र महीने में लोग एक माह तक रोजा रखते हैं। इस दौरान हम अनेक जगहों पर जाते हैं। सभी लोग प्रेम के साथ इस पर्व को मनाते हैं।
सीएम ने कहा कि आपस में प्रेम और भाईचारा का भाव बना रहना चाहिए। सभी लोग प्रेम एवं भाईचारा के साथ ईद मनायें। समाज के हर तबके के उत्थान के लिए हम काम करते हैं। चाहे किसी भी धर्म के माननेवाले हों, सबका सम्मान करते हैं, सबकी इज्जत करते हैं। आपस में प्रेम और भाईचारा का भाव बना रहे, इसके लिए जो संभव हो प्रयास करते हैं। ईद के अवसर पर हमारी सभी को शुभकामनाएं हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse