आठवीं पास अतीक की संपत्ति कुबेर के खजाने से कम नहीं...

 

  • चार बेटों और पत्नी के लिए कितनी दौलत छोड़ गया अतीक अहमद? बेनामी संपत्ति का आंकड़ा चौंकाने वाला

एबीएन सेंट्रल डेस्क। माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या हो चुकी है। अतीक के पांच बेटों में एक असद का भी एनकाउंटर हो चुका है। वहीं, अतीक के दो बेटे जेल में बंद हैं तो दो नाबालिग बेटे बाल सुधार गृह में हैं। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन भी उमेश पाल हत्याकांड की आरोपी है। शाइस्ता अभी फरार चल रही है। इस बीच, हमने अतीक अहमद की संपत्ति का ब्योरा खंगाला। कानूनी तौर पर उसके पास कितनी संपत्ति है? अभी तक अतीक की कई बेनामी संपत्तियों का भी खुलासा हुआ है। ऐसे में ये भी जानने की कोशिश की है कि उसके पास कितनी बेनामी संपत्ति है? आइये जानते हैं...

पहले जानिये कानूनी तौर पर कितनी संपत्ति बताता था अतीक
2019 लोकसभा में अतीक अहमद ने पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ा था। तब उसे 833 मत मिले थे। उस दौरान वह प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में बंद था। अतीक ने अपने चुनावी हलफनामे में संपत्ति का पूरा ब्योरा दिया था। इसके अनुसार, उसके पास करीब 27 करोड़ 50 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति थी। आठवीं पास अतीक के नाम दो करोड़ 87 लाख से ज्यादा की चल संपत्ति, जबकि 24 करोड़ 99 लाख से ज्यादा की अचल संपत्ति दर्ज थी। अतीक के नाम महंगी गाड़ियां, चार राइफल और पिस्टल दर्ज थीं। 

अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन के नाम 50 लाख रुपये से ज्यादा के गहने हैं। इसके अलावा अतीक के नाम पर प्रयागराज से लेकर दिल्ली और ग्रेटर नोएडा तक प्लॉट, फ्लैट, बंगला और खेती लायक जमीन भी हैं।

अब बेनामी संपत्ति के बारे में भी जान लीजिये
यूं तो बेनामी संपत्तियों को लेकर अलग-अलग दावे किये जाते हैं। हाल ही में ईडी ने अतीक के करीबियों और उसके जानने वाले लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। अब तक जो सामने आंकड़े आये हैं, उसके अनुसार अतीक के पास पांच हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की बेनामी संपत्ति है। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि अतीक के नाम 15 हजार करोड़ से ज्यादा की बेनामी संपत्ति है। 

बिल्डर के साथ अतीक का एक चैट भी हुआ वायरल
साबरमती जेल में रहने के दौरान अतीक अहमद ने एक बिल्डर को धमकी भी दी थी। अब उसका चैट भी वायरल हो रहा है। इसमें अतीक ने बिल्डर से पांच करोड़ रुपये मांगे थे। अतीक ने कहा था कि जो उसके बेटे उमर और असद का हिसाब है वो दे दो। बताया जाता है कि बिल्डर ने अतीक के कहने पर उसके बेटे असद को 80 लाख रुपये भी दिये थे।

1996 में शादी, पांच बेटे हुए, एक एनकाउंटर में मारा गया 
अतीक अहमद ने 1996 में शाइस्ता परवीन से निकाह किया था। इन दोनों के पांच बेटे हैं- मोहम्मद उमर, मोहम्मद अली, असद अहमद और दो नाबालिग बेटे हैं। दो बेटे-मोहम्मद उमर और मोहम्मद अली जेल में बंद हैं। जबकि, दो नाबालिग बेटे अभी बाल सुधार गृह में हैं। 

वहीं, अतीक का बेटा असद अहमद उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी था और 24 फरवरी को हुए हत्याकांड के बाद से पुलिस उसे ढूंढ रही थी। 13 अप्रैल को यूपी एसटीएफ ने झांसी में असद का एनकाउंटर कर दिया है। असद पर पांच लाख का इनाम घोषित था।

दो लाख के इनामी मोहम्मद उमर पर रंगदारी का आरोप है। पिछले साल अगस्त में उसने सीबीआई के सामने सरेंडर कर दिया था। वहीं, मोहम्मद अली पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। जबकि, दो नाबालिग बेटों को उमेश पाल हत्याकांड के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया है।

अतीक के भाई अशरफ का सफरनामा

2004 के आम चुनाव में फूलपुर से सपा के टिकट पर अतीक अहमद ने लोकसभा चुनाव जीत और सांसद बन दिल्ली आ गया। इसके बाद इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा सीट खाली हो गयी। इस सीट पर हुए उपचुनाव में सपा ने अतीक के छोटे भाई अशरफ को टिकट दिया था। वहीं, बसपा ने उसके सामने राजू पाल को खड़ा किया। उस उपचुनाव में बसपा प्रत्याशी राजू पाल ने अतीक अहमद के भाई अशरफ को हरा दिया था। इस हार को अशरफ ही नहीं बल्कि अतीफ भी पचा नहीं पाया।

उपचुनाव में जीत दर्ज कर पहली बार विधायक बने राजू पाल की कुछ महीने बाद ही 25 जनवरी, 2005 को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड में देवी पाल और संदीप यादव की भी मौत हुई थी। दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस हत्याकांड में सीधे तौर पर सांसद अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ का कनेक्शन सामने आया था।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse