एबीएन सेंट्रल डेस्क। मौसम विभाग के अनुसार, गंगा की तटीय़ क्षेत्रों से लगा पश्चिम बंगाल और बिहार अगले चार दिनों तक लू से तपेगा। वहीं, सिक्किम, ओडिशा और झारखंड में भी अगले दो से तीन दिनों तक लू के थपेड़े लगने की संभावना है। सोमवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि 17 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा लू से तपेंगे।
देश में गर्मी का मौसम अभी शुरू ही हुआ है और लोग तेज धूप और लू से त्रस्त हो गये हैं। इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार को गर्मी और लू को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। देश के कई हिस्सों में गर्मी अपना असली रूप दिखायेगी तो कुछ इलाके बारिश की वजह से राहत महसूस करेंगे।
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में अगले चार दिनों तक लू के आसार हैं। इसके अलावा देश के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र दो दिन तक लू की चपेट में रहेंगे। हालांकि, इसके बाद इन इलाकों के लोगों को कुछ राहत मिलने लगेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, गंगा की तटीय क्षेत्रों से लगा पश्चिम बंगाल और बिहार अगले चार दिनों तक लू से तपेगा। सिक्किम, ओडिशा और झारखंड में भी अगले दो से तीन दिनों तक लू का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि 17 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा लू से तपेंगे। 18 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गर्मी लोगों को परेशान करेगी। 18-19 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप रहेगा।
इसके अलावा बीते चार दिनों से आंध्र प्रदेश में तो तीन दिनों से बिहार में लू की स्थिति है। विभाग की मानें तो पश्चिमी हिमालय के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जायेगा, इस वजह से देश के उत्तर-पश्चिम इलाकों में तपती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
छिटपुट बारिश की संभावना
हालांकि, लू और गर्मी की भविष्यवाणी के अलावा मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों के लिए राहत भरी जानकारी भी दी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 18-20 अप्रैल को छुटपुट बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलग-अलग इलाकों में भी बारिश के आसार हैं। विभाग ने 18-19 अप्रैल को हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश होने का अनुमान जताया है। पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ओले भी पड़ सकते हैं।
सामान्य से अधिक गर्मी रहने का अनुमान
उत्तर-पश्चिम और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों को छोड़कर, मौसम विभाग ने देश के अधिकांश क्षेत्रों में अप्रैल से जून तक अधिक तापमान की संभावना जतायी थी। इस दौरान मध्य, पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्मी रहने का अनुमान है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse