एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सीनियर पुरुष और महिला घरेलू टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि में बड़ी वृद्धि की है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने रविवार को ट्विटर के जरिये उक्त जानकारी दी।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि जहां पुरुषों के लिए इनामी राशि में 60 से 300 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, वहीं महिलाओं की दो स्पर्धाओं में 700 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। रणजी ट्रॉफी चैंपियन टीम के लिए पुरस्कार राशि 2 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी गयी है, जबकि फाइनल और सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों के लिए क्रमशः 3 करोड़ रुपये (पहले 1 करोड़ रुपये) और 1 करोड़ रुपये (पहले 50 लाख रुपये) कर दिये गये हैं।
घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी की इनामी राशि 30 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी गई है जबकि उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये की जगह 50 लाख रुपये दिये जायेंगे। घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की इनामी राशि में सबसे बड़ी बढ़ोतरी हुई है, जहां विजेता को 80 लाख रुपये (पहले 25 लाख रुपये) और उपविजेता को 40 लाख रुपये (पहले 10 लाख रुपये) दिये जायेंगे।
महिला सीनियर एकदिनी और टी-20 ट्रॉफी की चैंपियन और उपविजेता टीमें आखिरकार महत्वपूर्ण पुरस्कार राशि अर्जित करना शुरू कर देंगी। नतीजतन, महिला वनडे चैंपियन टीम को 50 लाख रुपये (पहले 6 लाख रुपये) जबकि टी-20 चैंपियन टीम को 40 लाख रुपये (पहले 5 लाख रुपये) से सम्मानित किया जायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse