एबीएन सेंट्रल डेस्क। माफिया डॉन अतीक अहमद और अशरफ के शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिये गये। दोनों के शव आज यानी रविवार को ही दफना दिया गया। दोनों के शव उसी कब्रिस्तान में दफनाये गये, जिस कब्रिस्तान (कसारी-मसारी) में अतीक के बेटे असद के शव को दफनाया गया था।
वहीं अतीक अहमद और अशरफ पर गोली चलाने वाले तीनों हमलावरों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कयास लगाये जा रहे थे कि शाइस्ता परवीन पति के जनाजे में शामिल होने आ सकती है। शाइस्ता पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उमेश पाल हत्याकांड में शनिवार को पुलिस हिरासत में माफिया-राजनेता अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या किये जाने के बाद इस मामले में अब तक मारे गये अभियुक्तों की संख्या बढ़कर 6 हो गयी है।
उमेश पाल हत्याकांड में नामजद अतीक अहमद के परिवार के 4 सदस्यों में खुद अतीक, उसके बेटे असद और भाई अशरफ समेत 3 की मौत हो चुकी है जबकि अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन फरार है। इस साल 24 फरवरी को विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या के बाद पुलिस ने धूमनगंज थाने में अतीक के परिजनों एवं अन्य समेत कुल 13 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
सीसीटीवी वीडियो में नजर आए उमेश पाल हत्याकांड में नामजद 7 लोगों में से 4 अभियुक्त मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। इनमें हत्यारों को लाने वाली कार का चालक अरबाज 27 फरवरी को कथित मुठभेड़ में मारा गया था। वहीं, शूटर विजय चौधरी उर्फ उस्मान गत 6 मार्च को प्रयागराज में और असद अहमद और गुलाम झांसी में 13 अप्रैल को हुई कथित मुठभेड़ में मारे गये थे, बाकी 3 शूटर गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान फरार हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse