टीम एबीएन, पटना। बिहार विधानसभा में मंगलवार को बजट सत्र के आठवें दिन कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के विधायकों ने हंगामा किया। लॉ एंड ऑर्डर और अन्य मुद्दे पर भाजपा ने विधानसभा में कार्य स्थगन प्रस्ताव लाया। आंगनबाड़ी सेविकाओं का मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर भी जबरदस्त हंगामा हुआ।
भाजपा विधायक लखेंद्र पासवान ने हंगामा करते हुए माइक तोड़ दिया। जिसपर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस पर कार्रवाई होगी। लखेंद्र पासवान पातेपुर से भाजपा के विधायक हैं। भाजपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया। वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक ले किये स्थगित कर दी गयी।
कार्यवाही स्थगित होने के बाद भाजपा ने सत्ता पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाये। सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि माइक तोड़ने की बात गलत है। सत्ता पक्ष के विधायकों ने हमारे दलित विधायक को गाली दी, धमकी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का काम सदन चलाना है। तो सत्ता पक्ष के विधायक वेल में क्यों आयें। उन्होंने कहा कि राज्य में जंगलराज है। अपराधियों की सरकार भ्रमित करने का काम कर रही है, लेकिन जनता सब देख रही है।
लखेंद्र पासवान ने अपनी सफाई में कहा कि वह आंगनबाड़ी सेविकाओं के मानदेय को बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान उनका माइक बंद कर दिया गया। सत्ता पक्ष की ओर से मेरे लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया गया। गालियां दी गयी। उन्होंने कहा कि मैंने माइक तोड़ा नहीं, माइक खुल गया।
आज सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने फिर से बिहार में बिना परमिशन ईडी, सीबीआई की कार्रवाई पर रोक की मांग की है। उन्होंने कहा कि वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिख रहे हैं। लेटर के साथ भाई वीरेंद्र सदन पहुंचे। राजद विधायक ने कहा कि बंगाल समेत 9 राज्यों में इस तरह का कानून है। बिहार में भी कानून बनना चाहिए।
दूसरी ओर विधानसभा के परिसर में माले के विधायकों ने भूमि सुधार कानून को ठीक से लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही बेगूसराय में मुस्लिम बच्चियों के साथ हुई हिंसा और रेप के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
इधर, जदयू विधायक डॉ संजीव ने रामचरित्र मानस पर विवादित टिप्पणी को लेकर शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा शिक्षा मंत्री को ज्ञान की कमी है। उन्हें अपना धर्म बदल लेना चाहिए। शिक्षा को छोड़कर ये बेकार की बातें कर रहे हैं। जदयू हर धर्म का सम्मान करता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse