टीम एबीएन, जमशेदपुर। बंगाल में एडिनो वायरस और दूसरा एच-3 एन-2 वायरस ने जमकर कहर बरपाया हुआ है। वहां अभी तक दर्जनों बच्चों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस को लेकर झारखंड अलर्ट हो गया है क्योंकि राज्य के पड़ोसी शहर बंगाल से रोजाना दर्जनों मरीज इलाज कराने जमशेदपुर जिले में आते हैं। ऐसे में यहां भी संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
वायरस को लेकर राज्य के अस्पतालों में अलर्ट जारी : बता दें कि शहर के अस्पतालों में पिछले 72 घंटे में सर्दी, खांसी व बुखार के 2,679 मरीज आ चुके हैं। राहत की बात ये है कि इसमें से कोई एच3एन2 का संदिग्ध नहीं है। जिला सर्विलांस विभाग के महामारी रोग विशेषज्ञ डाॅ अशद ने कहा कि जमशेदपुर में अभी तक एक भी एच3एन2 इन्फ्लूएंजा के संदिग्ध मरीज नहीं है, लेकिन सभी अस्पतालों को अलर्ट जारी कर इसके संदिग्ध मरीजों की जानकारी व सैंपल जांच कराने का निर्देश दिया गया है।
डाॅ अशद ने कहा कि इस वायरस से सावधानी बरतने की जरूरत है। बाहर जाने पर मास्क का उपयोग करें। हाथों की साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें। ठंडी चीजों को खाने से बचें। बीमार होने पर खुद को आइसोलेट करने की कोशिश करें और डॉक्टर को दिखायें। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने डीसी को पत्र लिखकर एडिनो व एच3एन2 वायरस से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। इन बीमारियों को लेकर सभी स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूक करने को कहा गया है।
क्या है एडिनो व एच-3 एन-2 वायरस : एडिनो वायरस व एच-3 एन-2 वायरस का लक्षण लगभग एक समान है। एच3एन2 वायरस इन्फ्लूएंजा ए के एच3एन1 का म्यूटेट हुआ वेरिएंट है, जो कि किसी भी उम्र के व्यक्ति और साल के किसी भी समय शिकार बना सकता है। सीडीसी के मुताबिक, इसके लक्षण किसी भी अन्य सीजनल फ्लू की तरह हो सकते हैं, जिसमें खांसी, नाक बहना, जी मिचलाना, शारीरिक दर्द, उल्टी व डायरिया आदि शामिल हो सकते हैं।
इंफ्लुएंजा का एच3एन2 स्ट्रेन सूअर से इंसानों और इंसानों से सूअर में फैल सकता है। यह मुख्यतः खांसी व छींकने के दौरान निकलने वाली बूंदों से दूसरे व्यक्ति को चपेट में लेता है। यह वायरस किसी संक्रमित सतह या मल-मूत्र के संपर्क में आने से भी फैल सकता है। यह खासतौर से बच्चों को अपनी चपेट में लेता है और एच3एन2 के साथ मिलकर गंभीर लक्षण पैदा कर सकता है। इसलिए इन दोनों वायरस से बचाव के तरीके जरूर अपनायें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse