एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। हॉकी विश्व कप 2023 में भारतीय टीम का दूसरा मुकाबला इंग्लैंड के साथ ड्रॉ पर खत्म हुआ। पहले मुकाबले में स्पेन के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली टीम इंडिया इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरा मैच जीतने के इरादे से उतरी थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस मैच में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पायीं और मुकाबला 0-0 की बराबरी पर खत्म हुआ।
हॉकी विश्व कप के ग्रुप डी में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला 0-0 के स्कोर के साथ ड्रॉ पर खत्म हुआ। दोनों टीमों का यह दूसरा मैच था। भारत ने पहले मुकाबले में स्पेन और इंग्लैंड ने वेल्स को हराया था। अब यह मैच ड्रॉ होने के बाद दोनों टीमों के पास 4-4 अंक हैं। हालांकि, बेहतर गोल डिफरेंस के चलते इंग्लैंड की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर है। अब भारत का आखिरी मैच वेल्स और इंग्लैंड का आखिरी ग्रुप मैच स्पेन के साथ है।
इस मैच में इंग्लैंड ने पहले क्वार्टर में शानदार शुरुआत की थी और पांच पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये थे। वहीं, भारत सिर्फ एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर पाया था, लेकिन दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। दूसरे क्वार्टर में भारत ने तीन और इंग्लैंड ने दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये, लेकिन इस क्वार्टर में भी कोई गोल नहीं हुआ।
मैच के तीसरे क्वार्टर में भारत ने शानदार खेल दिखाया और लगातार अटैक किया, लेकिन इस क्वार्टर में भी कोई गोल नहीं हुआ। मैच के चौथे और आखिरी क्वार्टर में भारत के दो खिलाड़ी अमिर रोहिदास और जरमनप्रीत सिंह को ग्रीन कार्ड मिला। इस वजह से भारत को बैकफुट में आना पड़ा और टीम इंडिया अंतिम समय में गोल का प्रयास नहीं कर सकी। वहीं, मैच के 59वें मिनट में इंग्लैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन एक बार फिर भारतीय डिफेंस ने गोल नहीं होने दिया और मैच बराबरी पर खत्म हुआ।
इस मैच में भारत ने चार और इंग्लैंड ने आठ पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर पायी। भले ही यह मैच गोलरहित खत्म हुआ, लेकिन 12 पेनल्टी कॉर्नर के चलते मुकाबला खासा रोमांचक रहा। वहीं, आज के पहले मैच में स्पेन ने वेल्स के 5-1 के बड़े अंतर से हराया। हालांकि, ग्रुप डी से अगले दौर में पहुंचने के लिए भारत और इंग्लैंड की राह बेहद आसान हो गयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse