टीम एबीएन, रांची। रांची के होटवार के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में 17-19 फरवरी तक सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। इसमें रांची लोकसभा क्षेत्र के छह विधानसभा के खिलाड़ी अलग अलग कैटेगरी (अंडर 14, अंडर 18 और सीनियर) में भाग लेंगे।
सांसद संजय सेठ ने रविवार को माहेश्वरी भवन, रांची में सांसद खेल महोत्सव के ब्रोशर और फॉर्म लॉन्चिंग के बाद जानकारी दी कि यह अपनी तरह का खास आयोजन होने वाला है। ऐसे आयोजन के जरिये गांवों में छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का मंच मिलेगा। आगे चलकर वे ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाई खेलों तक भी जा सकेंगे। खेल महोत्सव के दौरान विशेषकर छह खेलों तीरंदाजी, एथलेटिक्स, वुशु, कबड्डी, बैडमिंटन, योगासन में प्रतिभाओं को खुद को साबित करने का मौका मिलेगा। इनमें भाग लेने को अलग-अलग खेलों में मैनेजर बनाए गये हैं। उनकी मदद से इच्छुक खिलाड़ी इसमें शामिल हो सकते हैं।
संजय सेठ कहा कि खेल महोत्सव के लिए भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पीटी उषा और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को भी आमंत्रित किया गया है। साथ ही उद्घाटन और समापन समारोह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी आमंत्रण दिया जायेगा।
झारखंड ओलंपिक संघ के डॉ मधुकांत पाठक ने कहा कि ओलंपिक संघ अपने स्तर से जिला, स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन करता रहा है। ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा जब पॉलिटिकल स्तर पर ऐसे आयोजनों के जरिये खेल प्रतिभाओं को सामने लाया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में 2000 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। अलग-अलग खेलों में अलग-अलग कैटेगरी (सब जूनियर, जूनियर, सीनियर) में खेल टूर्नामेंट का आयोजन होगा।
तीरंदाजी के मैच आर्चरी ग्राउंड में, एथलेटिक्स के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में, वुशु ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में, कबड्डी और योग के टाना भगत इंडोर स्टेडियम में और बैडमिंटन के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में होंगे. एक बैंड डिस्प्ले इवेंट भी होगा। आयोजन के लिए ओलंपिक संघ की ओऱ से पूरा टेक्निकल, रेफरी और जरूरी सपोर्ट रहेगा।
सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने को इच्छुक खिलाड़ी अपने पसंदीदा खेलों में भाग लेने को खेल मैनेजरों से संपर्क करेंगे। तीरंदाजी के लिए प्रेम मूर्ति (9798278754), एथलेटिक्स के लिए प्रभाकर कुमार वर्मा (9304444667), वुशू के लिए शैलेंद्र नाथ दुबे (9304710455), बैडमिंटन के लिए एनके डे (9431171069), कबड्डी के लिए प्रवीण सिंह (9162767003) और योग के लिए आदित्य सिंह (9135208065) से संपर्क कर सकते हैं।
अलग-अलग विधानसभा में सांसद कार्यालय (रांची सांसद) से संपर्क कर भी खेल में भागीदारी के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। मौके पर पूर्व सांसद अजय मारू, इंटरनेशनल तीरंदाज रीना कुमारी और शिवेंद्र दुबे सहित अन्य भी उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse