एबीएन सेंट्रल डेस्क। बिहार में पूर्व रेलवे के मालदह मंडल के भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर बुधवार को सुल्तानगंज स्टेशन के समीप 13409 मालदह-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गयी। मालदह से किऊल जा रही 13409 इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के बुधवार को सुल्तानगंज स्टेशन से खुलने के बाद कुछ दूरी पर किसी डिब्बे के सीवीसी कप्लिंग के अचानक खुल जाने से ट्रेन के पीछे से चार डिब्बे अलग हो गए और ट्रेन दो भागों में विभक्त हो गई।
सूत्रों ने बताया कि उक्त ट्रेन के दो भागों में विभक्त होने के बाद ट्रेन के गार्ड की सूचना पर चालक ने आपातकालीन ब्रेक का इस्तेमाल कर ट्रेन को रोका। इस हादसे के बाद ट्रेन के यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
सूत्रों ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही सुल्तानगंज और भागलपुर से रेल अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रेन से अलग हुए चार डिब्बे को दुरुस्त करने के बाद करीब एक घंटे के विलंब से ट्रेन को रवाना करवाया। इस बीच मालदह के मंडल रेल प्रबंधक विकास चौबे ने इस हादसे की जांच के लिए एक टीम गठित करने का निर्देश दिया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse