निर्भीकता के साथ सकारात्मक होकर कार्य करें अधिकारी : हेमंत सोरेन

 

  • लोहरदगा और गुमला जिला की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने दी चेतावनी

टीम एबीएन, लोहरदगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज जिला परिषद, लोहरदगा परिसर में लोहरदगा और गुमला जिला में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रगति व निष्पादन की समीक्षा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहरदगा और गुमला जिला राज्य के ऐसे जिले हैं जहां पलायन और ह्यूमन ट्रैफिकिंग काफी ज्यादा है। पलायन पेट की भूख के कारण है जहां ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं को गति देने की आवश्यकता है। 

राज्य सरकार ने ऐसी ही योजनाओं का एक पैकेज बनाया और यहां के लोगों द्वारा अपनायी जा सकने वाली योजनाओं को यहां लागू कराने का कार्य किया। आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में लोगों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन मांगे गये। उस आलोक में आवेदनों का निष्पादन कम है। हमें लोगों को प्रेरित करने की आवश्यकता है। हमारी कोशिश थी कि यहां के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके। हमारी सरकार ने लोगों के जीवन को उपर उठाने का प्रयास किया। अब योजनाओं की समीक्षा सिर्फ राज्य मुख्यालय स्तर तक ही नहीं, बल्कि आनेवाले समय में मंत्री या राज्य स्तर के पदाधिकारियों द्वारा नीचे स्तर पर भी जाकर की जायेगी।

पुरूषों की सहभागिता जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों जिलों में जेएसएलपीएस, सेविका/सहायिका आदि के रूप में महिलाएं कार्य कर रही है। लेकिन पुरूषों की भागादीरी कम हैं। पुरूषों की सहकारिता बढ़ाने की आवश्यकता है। यह जनजातीय बहुल क्षेत्र है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते क्राईम पर चिंता व्यक्त की।

कोई भी असमंजस में न रहें पदाधिकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी पदाधिकारी योजनाओं को लागू करने, आवेदन प्राप्त करने, लाभ देने में किसी भी असमंजस में ना रहें। अगर किसी प्रकार का संशय है तो संबंधित सचिव स्तर पर बात कर लें। दोनों जिलों में वृद्धावस्था पेंशन, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में लक्ष्य और उपलब्धि के बीच जो गैप है, उसे पूरा कर इस लक्ष्य को प्राप्त करने की आवश्यकता है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालन एक अभिन्न अंग है। इसमें उदासीनता सही नहीं है। आप सजग होकर काम करें, सकारात्मक भाव से काम करें। निर्भीक होकर काम करें।

अवैध रूप से खनन करने पर करें एफआईआर

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज द्वारा अवैध रूप से खनन कार्य करने की शिकायत प्राप्त हुई है। अगर शिकायत सही है और जांच में सही पाया जाता है तो कंपनी पर एफआईआर करें। किसी भी भूमि पर अवैध रूप से खनन कार्य बिल्कुल बर्दाश्त नहीं है।
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कुडू के चिरी में अनामृत फाउंडेशन द्वारा संचालित मध्याह्न भोजन की अव्यवस्था एवं गड़बड़ी की जांच कर कारवाई किये जाने का निर्देश दिया।

मुख्य सचिव ने दिये निर्देश
मुख्य सचिव झारखंड सरकार श्री सुखदेव सिंह द्वारा समीक्षा बैठक में निदेश दिया गया कि आगामी 29 दिसंबर 2022 को राज्य सरकार गठन के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छात्रवृति योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री सूखा राहत योजना के लाभुकों को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा राशि सीधे लाभुक के बैंक खाता में हस्तांतरित की जागी। इसके लिए संबंधित योजनाओं से जितने भी आवेदन प्राप्त हैं उन्हें स्वीकृत करने का निदेश दिया गया। साथ ही, 31 दिसंबर तक छात्रवृत्ति योजनाओं से सभी छात्रों को लाभान्वित किये जाने का निदेश दिया गया।

पेशरार को मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने का निदेश दिया गया। डीएलसीसी की बैठक कर पेशरार प्रखंड में पंचायत भवन में बैंक संचालित करने हेतु प्रस्ताव भेजे जाने का निदेश दिया गया। सर्वजन पेंशन अंतर्गत छूटे हुए सभी लाभुकों को 31 दिसंबर तक लाभान्वित किये जाने का निदेश दिया गया। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का 100 प्रतिशत निष्पादन 31 दिसंबर तक किये जाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री सूखा राहत योजना, मनरेगा योजना, छात्रवृति योजना, से संबंधित आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों, राजस्व न्यायालय, विधि व्यवस्था अंतर्गत अपराध की स्थिति, चोरी, अपहरण, हत्या, लूट, दंगा, बलात्कार, आर्म एक्ट, नक्सल आदि अनुसंधान की स्थिति, वारंट-कुर्की के निष्पादन की स्थिति समेत अन्य विषयों की समीक्षा की गई।

राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू द्वारा भंडरा-कैरो पथ में पुल निर्माण, कुडू प्रखंड में अधूरे पड़े अस्पताल, हाल सर्वे में गड़बड़ी, स्टेडियम में फ्लड लाइट की सुविधा, बकसीडीपा स्थित वन के पर्यटकीय विकास को लेकर ध्यान आकृष्ट कराया।

आज की समीक्षा बैठक में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के माननीय मंत्री सत्यानंद भोक्ता, सांसद धीरज प्रसाद साहू, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन सचिव अमिताभ कौशल, प्रधान सचिव वित्त विभाग अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के सचिव के श्रीनिवासन, डॉ मनीष रंजन, ग्रामीण विकास सचिव प्रशांत कुमार, आदिवासी कल्याण आयुक्त मुकेश कुमार, पथ निर्माण सचिव सुनील कुमार, पुलिस महानिरीक्षक अमोल वेणुकान्त होमकर, पुलिस उप महानिरीक्षक अनीश गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद, लोहरदगा जिला उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण, गुमला जिला उपायुक्त सुशांत गौरव, लोहरदगा जिला पुलिस अधीक्षक आर रामकुमार, गुमला जिला पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा जिला उप विकास आयुक्त गरिमा सिंह समेत दोनों जिलों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व अचंल अधिकारी उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse