टीम एबीएन, पलामू/ रांची। आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने आज नावाबाजार प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक ओर जहां उपस्थिति पंजी में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले 10 कर्मियों की हाजिरी काटी। वहीं प्रखंड नाजिर, पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक को उनके कार्यों के प्रति उदासीनता/लापरवाही बरतने को लेकर निलंबित करने का निर्देश दिया। साथ ही अंचल के प्रधान लिपिक एवं राजस्व कर्मचारी से शो-कॉज करने का निदेश दिया। वहीं प्रखंड कार्यालय की सहायक मंजू देवी के कार्यों की सराहना की। मंजू देवी ने आयुक्त द्वारा मांगे गये 5 निर्गत पत्रों को 10 मिनट के अंदर खोजकर आयुक्त के समक्ष उपस्थापित की।
प्रखंड नाजिर सह कैशियर सुशील कुमार सिंह द्वारा दो सहायक रोकड़ बही को उपस्थापित किया गया। एक में मार्च 2022 तक एवं दूसरे में अप्रैल 2022 तक ही प्रखंड विकास पदाधिकारी से हस्ताक्षरित पाया गया। उसके बाद कोई हस्ताक्षर नहीं कराया गया है। आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि यह कैशियर की घोर लापरवाही है। उन्होंने इसे लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को आज ही सहायक रोकड़ बही की जांच करने और हस्ताक्षर करने का सख्त निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री आवास एवं 15 वीं वित्त के कार्यों एवं कार्य उपरांत भुगतान की धीमी प्रगति पर पंचायत सचिव सरयू प्रसाद यादव को निलंबित करने का निदेश दिया। वहीं निदेश के बावजूद मनरेगा के तहत 5 योजनाओं की स्वीकृति नहीं देने को लेकर रबदा के रोजगार सेवक रमाकांत तिवारी, राजहरा के रोजगार सेवक विद्यापति राम एवं तुकबेरा के रोजगार सेवक गोविंदा पांडेय को निलंबित करने का निदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत कम से कम 5 योजनाओं को लिया जाना है, लेकिन इन पंचायतों में नहीं ली गई है। पलामू प्रमंडल में सुखाड़ की स्थिति के मद्देनजर एवं सरकार के निदेश के बावजूद योजनाओं की स्वीकृति नहीं होना गंभीर बात है। आयुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को सख्ती से 5 योजनाओं को लेने का निदेश दिया। औचक निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी पर्यवेक्षिका की खोज की गई। पर्यवेक्षिका के रूप में निशी किरण चार्ज में हैं, लेकिन वे उपस्थित नहीं पाई गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा जब उनसे संपर्क साधा गया तो वे विश्रामपुर में होने की बातें कही।
आयुक्त ने एलपीसी के प्राप्त आवेदनों की स्पष्ट जानकारी नहीं दिखते जाने को लेकर अंचल के प्रधान लिपिक राजकिशोर सिंह से शो-कॉज करने का निदेश दिया। इसके साथ ही अंचल के राजस्व कर्मचारी द्वारा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पर्यवेक्षक के रुप में कार्यरत श्रीकांत दास से स्पष्टीकरण की मांग करने का निदेश दिया। श्रीकांत दास द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में आवेदन जेनरेशन की स्थिति ठीक नहीं पाई गई।?आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र भेजने एवं पत्र की कॉपी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजने की बातें कही। उन्होंने अन्य पर्यवेक्षकों को भी अपने प्रगति में सुधार लाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की एकुरेशी में लापरवाही बरतने पर पर्यवेक्षकों को निलंबित करने संबंधित कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को अपने कार्यालय कर्मियों पर नियंत्रण रखने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर बैठे लोगों तक पहुंचाना है। इसमें किसी तरह की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आयुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के 10 वैसे कर्मियों की हाजिरी काटी, जो उपस्थिति पंजी में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं किए थे। आयुक्त ने सोहदाग पंचायत के राजदीरिया मल्लाह टोली के जन वितरण प्रणाली दुकानदार राजदेव यादव से स्पष्टीकरण पूछने एवं उनकी अनुज्ञप्ति निलंबित करने की कार्रवाई करने का निदेश दिया। रीलोकेशन के बावजूद दुकानदार द्वारा राशन वितरण शुन्य पाया गया है।
सोहदाग पंचायत के कुंभी कला गांव की सुनीता देवी द्वारा आयुक्त के समक्ष शिकायत की गई कि प्रधानमंत्री आवास का निर्माण किए 3 माह बीत गए हैं, लेकिन उन्हें मनरेगा के तहत लेबर का पैसा एवं आवास का फाइनल किस्त का भुगतान नहीं किया गया है। आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपने सामने उस महिला के बैंक खाते में पैसा का स्थानांतरण कराया। इसके अलावा आयुक्त ने अन्य लोगों की समस्याएं सुनी और उसका तत्काल निदान का निर्देश बीडीओ और सीओ को दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों को कार्य को लेकर कार्यालय का दौड़ नहीं लगाना पड़े, इसका हर पदाधिकारी एवं कर्मी ध्यान रखें। आयुक्त के औचक निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मो अमीर हमजा, अंचल अधिकारी राकेश कुमार श्रीवास्तव उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse