टीम एबीएन, जमशेदपुर/ रांची। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। 12 दिसंबर की देर रात उपायुक्त श्रीमती विजया जाधव के नेतृत्व में अवैध खनन एवं परिवहन के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई को लेकर पूरे जिले में जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 22 हाईवा जब्त किये गये। यह अभियान सुबह 5 बजे तक चला। उपायुक्त के नेतृत्व में दोनों अनुमंडल में अलग-अलग टीमों ने जांच अभियान चलाया।
उपायुक्त के साथ डीटीओ श्री दिनेश रंजन धालभूम अनुमंडल में तथा घाटशिला में एसडीओ श्री सत्यवीर रजक, कार्यापालक दण्डाधिकारी श्री जयप्रकाश करमाली, सीओ घाटशिला श्री राजीव कुमार व स्थानीय थाना की टीम पूरी रात सड़क पर डटी रही। जब्त वाहनों में 9 हाईवा में बालू, 7 में गिट्टी तथा 6 में स्लैग व आयरन ओर लदे थे। इस अभियान के दौरान सुबह करीब 4:30 बजे 01 हाईवा साक्ची चौक में पकड़ा गया। जब्त वाहनों में 5 को बिरसानगर थाना, 6 वाहन परसुडीह थाना, 02 वाहन को साकची थाना तथा 09 वाहन गालूडीह थाना में रखे गये हैं।
उपायुक्त ने दी सख्त चेतावनी
उपायुक्त ने खुद सड़क पर उतरकर सख्त संदेश दिया कि अवैध खनिज कारोबारियों के विरूद्ध जिला प्रशासन सख्ती के मूड में है तथा किसी भी प्रकार से जिले में अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को बख्शा नहीं जायेगा। उपायुक्त ने अवैध खनिज कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह से खनिजों का अवैध रूप से परिवहन नहीं करें, यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि दोनों अनुमंडल में जब्त सभी 20 वाहनों पर लगभग 8 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse